अर्जुन कपूर और तब्बू की फिल्म कुत्ते अपने लिए दर्शक जुटाने में नाकाम हो रही है । विशाल भारद्वाज के बेटे आसमान भारद्वाज द्वारा निर्देशित कुत्ते अपने पहले वीकेंड में महज 3.25 करोड़ रुपये ही कमा सकी । अफ़सोस की बात है कि फिल्म की कमाई रविवार को बढ़ने की बजाय शनिवार के मुकाबले घट गई । 13 जनवरी को रिलीज़ हुई अर्जुन कपूर की कुत्ते ने अपनी रिलीज़ के पहले दिन 1.07 करोड़ रु से अपनी ओपनिंग की थी । इसके मुक़ाबले रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूज़ा की मराठी फ़िल्म वेड अपने लिए दर्शक जुटाने में कामयाब हो रही है । वहीं बीते शुक्रवार रिलीज़ हुई साउथ की दो फ़िल्में वारिसु और थुनिवु अच्छा बॉक्स ऑफ़िस कलेक्शन करने में कामयाब हो रही हैं ।

बॉक्स ऑफिस पर कुत्ते का बुरा हाल रितेश देशमुख की वेड निकली आगे
बॉक्स ऑफिस पर सबसे बुरा हाल कुत्ते का है । इस फिल्म की ऑडियंस ऑक्यूपेंसी रविवार को भी 8-10 परसेंट ही रही । यानी सिनेमाघरों में 100 में से 8 से 10 सीटों पर ही दर्शक नजर आए । ओपनिंग डे पर इस फिल्म ने महज 1.07 करोड़ रुपये का बिजनस किया था। शनिवार को कमाई थोड़ी बढ़कर 1.20 करोड़ हुई। लेकिन रविवार को एक बार फिर कमाई सिमटकर 1.05 करोड़ पर पहुंच गई। इस तरह अपने पहले वीकेंड में कुत्ते ने 3.25 करोड़ रुपये का बिजनस किया है। कुत्ते की कमाई देखकर ऐसा लग रहा है की ये फ़िल्म मुश्किल से 10 करोड़ का आँकड़ा छुएगी । जब वीकेंड में कुत्ते की कमाई में कोई उछाल नहीं देखा गया तो वीकडेज़ में फ़िल्म की कमाई में उछाल आना नामुमकिन सा है ।
लेकिन वहीं रितेश देशमुख और जेनेलिया डीसूजा की फिल्म वेड का जलवा बॉक्स ऑफिस पर बरकरार है । 30 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई वेड तेलुगू फिल्म मजिली का मराठी रीमेक है । वेड के साथ रितेश देशमुख ने निर्देशन की दुनिया में पहला कदम रखा । बीते हफ्तों में बतौर अभिनेता के साथ-साथ निर्देशक बनने के रिस्क को लोगों ने पॉजिटिव रिस्पांस दिया । वेड अब तक कुल 47.66 करोड़ रु की कमाई कर चुकी है ।
थलपति विजय की फिल्म वारिसु का हिंदी बेल्ट में कुल 3.88 करोड़ रु का कलेक्शन हुआ है । वहीं थाला अजित की थुनिवु हालांकि, हिंदी में रिलीज नहीं हुई है । लेकिन तमिल और तेलुगू में यह फिल्म भी औसत बिजनस कर रही है ।
















