जवान जैसी ब्लॉकबस्टर फ़िल्म देने वाले साउथ फिल्ममेकर एटली ने जब अपनी नेक्स्ट एक्शन एंटरटेनर बेबी जॉन वरुण धवन के साथ अनाउंस की तो, लोगों को इस फ़िल्म से बहुत उम्मीदें थी । लेकिन लोगों की ये उम्मीदें फ़िल्म रिलीज के साथ ही धराशायी हो गईं । क्रिसमस (25 दिसंबर) के दिन थिएटर में रिलीज हुई बेबी जॉन को मिक्स रिव्यूज मिले, नतीजतन फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर भी रिकॉर्ड ओपनिंग नहीं कर पाई । वरुण धवन की बेबी जॉन ने अपनी रिलीज के पहले दिन बुधवार 11.25 करोड़ रू की कमाई की ।

वरुण धवन की बेबी जॉन नहीं बना पाई कोई रिकॉर्ड
रिलीज के पहले दिन 11.25 करोड़ रू की कमाई करने वाली वरुण धवन की बेबी जॉन की दूसरे दिन की कमाई में बहित ज्यादा गिरावट देखने को मिली । फ़िल्म ने रिलीज के दूसरे दिन यानी गुरुवार को 5.13 करोड़ रू की कमाई की । और इस तरह फ़िल्म अब तक दो दिनों में कुल 16.38 करोड़ रू ही कमा पाई है । हालांकि उम्मीद जताई जा रही थी की बेबी जॉन को एक्सटेंडेड वीकेंड का फायदा मिलेगा, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ ।
नेगेटिव रिव्यूज और जनता से भी बहुत अच्छा वर्ड ऑफ माउथ नहीं मिल पाने के कारण बेबी जॉन की ओपनिंग तो बहुत फीकी रही लेकिन अभी उम्मीदें शनिवार और रविवार पर हैं जिसमें ये देखने वाली बात होगी कि क्या फ़िल्म अपनी कमाई में कुछ सुधार कर पाती है या नहीं ।
वैसे ये कहना ग़लत नहीं होगा की, 5 दिसंबर को रिलीज हुई अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 अभी तक दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई और ये अब वरुण धवन की बेबी जॉन के लिए तगड़ी मुश्किल बन गई है । पुष्पा 2 बॉक्स ऑफिस पर ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर बनकर उभरी है ।
ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर बनी अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2
अल्लू अर्जुन की पुष्पा 2 बॉक्स ऑफिस पर सुनामी बनकर आई है । यह फ़िल्म का तीसरा हफ्ता चल रहा है और नई फ़िल्में मुफ़ासा, वनवास और बेबी जॉन की रिलीज के बावजूद भी पुष्पा 2 ही दर्शकों की पहली पसंद बनी हुई है । अपने तीसरे हफ़्ते पुष्पा 2 ने शुक्र 12.50 करोड़ रू , शनि 20.50 करोड़ रू, रवि 27 करोड़ रू, सोम 11.75 करोड़ रू, मंगल 11.50 करोड़ रू, बुध 15.50 करोड़ रू, गुरु 9 करोड़ रू की कमाई की । पुष्पा 2 ने अपने पहले वीकेंड 433.50 करोड़ रू, दूसरे वीकेंड 199 करोड़ रू और तीसरे वीकेंड 107.75 करोड़ रू की कमाई की । इस तरह फ़िल्म पुष्पा 2 का हिंदी वर्जन अब तक कुल 740.25 करोड़ रू की कमाई कर चुका है ।
इतना ही नहीं, पुष्पा 2 पड़ोसी देश नेपाल में भी रिकॉर्ड तोड़ कमाई करने वाली फिल्म बन गई है। मैत्री मूवी मेकर्स ने बताया कि अल्लू अर्जुन अभिनीत यह फिल्म नेपाल में अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली विदेशी फिल्म बन गई है और वहां भी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में से एक है। पुष्पा 2 ने 20 दिनों में 24.75 करोड़ की कमाई की है। यह नेपाल बॉक्स ऑफ़िस पर सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फ़िल्मों में से एक है और अब तक की सबसे ज़्यादा कमाई करने वाली 3 फ़िल्मों में से एक है।
















