असम के मशहूर गायक और बॉलीवुड में ‘या अली’ फेम सिंगर जुबीन गर्ग का 52 साल की उम्र में सिंगापुर में एक दर्दनाक स्कूबा डाइविंग हादसे में निधन हो गया । रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्कूबा डाइविंग करते वक्त उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई। इसके बाद गार्ड्स ने समुद्र से निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी मौत हो गई। वे सिंगापुर नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में परफॉर्म करने के लिए पहुंचे थे ।

सिंगर जुबीन गर्ग का 52 साल की उम्र में निधन
जुबीन गर्ग दो दिन पहले सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में शामिल होने गए थे। यह तीन दिवसीय फेस्टिवल शुक्रवार यानी 19 सितंबर को शुरू होने वाला था, जिसमें जुबीन 20 सितंबर को परफॉर्म करने वाले थे । नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के प्रतिनिधि अनुज कुमार बोरूआ ने बताया- “हमें बहुत दुख के साथ जुबीन गर्ग के निधन की खबर बतानी पड़ रही है। उन्हें स्कूबा डाइविंग के दौरान उन्हें सांस लेने में तकलीफ हुई और उन्हें तुरंत सीपीआर दिया गया, जिसके बाद उन्हें सिंगापुर जनरल अस्पताल ले जाया गया। उन्हें बचाने की कोशिशों के बावजूद, उन्हें आईसीयू में दोपहर 2.30 बजे मृत घोषित कर दिया गया।”
साल 2006 की फिल्म गैंगस्टर का गाना ‘या अली’ जुबीन गर्ग के बॉलीवुड करियर का टर्निंग पॉइंट साबित हुआ । इस गाने ने उन्हें देशभर में शोहरत दिलाई । इसके अलावा उन्होंने ‘दिल तू ही बता’ (कृष 3), ‘जाने क्या चाहे मन बावरा’ (प्यार के साइड इफेक्ट्स) और कई अन्य हिट गाने गाए । जुबीन की आवाज में एक अलग खनक और दर्द था, जिसने श्रोताओं को हमेशा मंत्रमुग्ध किया ।
जुबीन गर्ग का जन्म 18 नवंबर 1972 को असम के जोरहाट में हुआ था । वे बचपन से ही संगीत के बेहद शौक़ीन थे । असमिया और बंगाली संगीत जगत में उन्हें एक सुपरस्टार सिंगर और म्यूजिक कंपोजर माना जाता है । उन्होंने 30 से ज्यादा भाषाओं में गाने गाए और अपने अनोखे अंदाज से लोगों का दिल जीत लिया । असमिया सिनेमा में उनका योगदान इतना बड़ा है कि उन्हें अक्सर 'असम का रॉकस्टार' कहा जाता है । संगीत के अलावा जुबीन समाजसेवा में भी सक्रिय थे. वे असम की सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने और युवाओं को अपने क्षेत्रीय संगीत से जोड़ने के लिए लगातार काम करते रहे ।
जुबिन गर्ग सिर्फ एक सिंगर ही नहीं, बल्कि एक्टर के रूप में भी काम कर चुके हैं । उन्होंने 2000 में तुमि मुर माथो मुर, प्रेम अरू प्रेम, गैंगस्टर, बिग ब्रदर जैसी फिल्मों के लिए गाने तो गाए ही, लेकिन वह गानों में स्क्रीन पर भी नजर आए।
















