लगातार कई फ्लॉप फ़िल्मों के बाद टाइगर श्रॉफ अपने करियर को फिर से ट्रेक पर लाने की तैयारी में जुट गए हैं । और इसमें उनका साथ देंगे उनके मेंटर प्रोड्यूसर साजिद नाडियाडवाला । टाइगर श्रॉफ अपने करियर की सबसे हिट फ़्रेंचाइज़ी बाग़ी की चौथी किस्त के साथ अपनी धमाकेदार वापसी करेंगे । हमारे विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, टाइगर श्रॉफ नवंबर से बागी 4 की शूटिंग शुरू करेंगे ।

टाइगर श्रॉफ बागी 4 की शूटिंग शुरू करेंगे
बॉलीवुड हंगामा को एक सूत्र ने बताया, “बागी एक लोकप्रिय फ्रेंचाइजी है और यह जनता के लिए एक सच्ची एक्शन फिल्म है । बाग़ी की अब तक तीनों फिल्में हिट रही हैं और साजिद और टाइगर की जोड़ी नवंबर से चौथी बागी फिल्म शुरू करने के लिए तैयार है । यह अब तक की सबसे बड़ी बागी फिल्म है और निर्माता इस साल फिल्म को फ्लोर पर लाने के लिए उत्साहित हैं ।”
सूत्र ने आगे बताया कि साजिद नाडियाडवाला और बागी की टीम, बागी 4 के साथ टाइगर के करियर को फिर से ट्रेक पर लाएँगे । सूत्र ने आगे बताया, “चाहे कास्टिंग हो या एक्शन - यह सभी मोर्चों पर एक कदम आगे बढ़ने वाला है । रॉनी के रूप में टाइगर श्रॉफ बागी 4 में अब तक की अपनी सबसे बड़ी लड़ाई लड़ेंगे ।”
फिल्म का निर्देशन कन्नड़ फिल्म उद्योग के निर्देशक हर्ष करेंगे, जो फ्रैंचाइज़ी को एक नए विजन के साथ आगे लेकर जाएंगे ।
टाइगर की अन्य फ़िल्मों की बात करें तो वह जल्द ही सनी देओल के साथ बॉर्डर 2 और अजय देवगन के साथ सिंघम अगेन में अपने एक्शन अवतार में नज़र आने वाले हैं ।
















