टाइगर श्रॉफ़ और नवाजुद्दीन सिद्दीकी अभिनीत फ़िल्म मुन्ना माइकल ने प्रशंसकों के बीच एक जिज्ञासा जगा दी है । ट्रेलर देखने के बाद हर कोई ये समझ चुका था कि यह फ़िल्म दिवंगत पॉप स्टार माइकल जैक्सन को समर्पित होगी । इस फ़िल्म में टाइगर श्रॉफ़ और नवाजुद्दीन सिद्दीकी के कई सारे एक्शन सीन और डांसिंग मूव्स देखने को मिलेंगे ।

चूंकि यह फ़िल्म डांस से भरी हुई है, इसलिए इसमें कई सारे कैमियो देखने को मिलेंगे । जैसा की हमने आपको पहले बताया था कि इस फ़िल्म में दिग्गज कॉरियोग्राफ़र से फ़िल्ममेकर बनी फ़राह खान, चित्रांगदा सिंह और शान का कैमियो देखने को मिलेगा , ये सभी इस फ़िल्म के एक सीन में एक डांस शो के जज के रूप में दिखाई देंगी । अब हमने सुना है कि इन सब के अलावा, अमिषा पटेल की भी फ़िल्म में खास भूमिका होगी । हालांकि उनका रोल क्या होगा, ये फ़िलहाल गुप्त रखा गया है, लेकिन इतने समय के बाद उन्हें बड़े पर्दे पर देखना वाकई दिलचस्प होगा ।

सब्बीर खान के निर्देशन में बनी फ़िल्म मुन्ना माइकल से निधी अग्रवाल अपनी बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं । यह फ़िल्म 21 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।