साजिद नाडियाडवाला के प्रोडक्शन में बनी टाइगर श्रॉफ़, रितेश देशमुख, श्रद्धा कपूर और अंकिता लोखंडे अभिनीत बागी 3 कल, यानी 6 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई । क्योंकि बागी फ़्रैंचाइजी की पिछली दो फ़िल्मों ने भी बॉक्सऑफ़िस पर अच्छा प्रदर्शन किया इसलिए बागी 3 से उम्मीदें और बढ़ गई । अहमद खान के निर्देशन में बनी बागी 3 को घरेलू बाजार में 4400 स्क्रीन्स पर रिलीज किया गया । कोरोना वायरस के खौफ़ के बावजूद भी टाइगर श्रॉफ़ की बागी 3 ने अपनी रिलीज के पहले दिन यानि ओपनिंग डे पर उम्मीद के मुताबिक अच्छी शुरूआत की ।

टाइगर श्रॉफ की बागी 3 ने ओपनिंग कलेक्शन में कई फ़िल्मों को पीछे छोड़ा
बागी 3 ने अपने ओपनिंग डे पर 17.50 करोड़ रु की कमाई की । और ओपनिंग करने के लिए मामले में, टाइगर की बागी 3 ने इस साल 2020 की अभी तक की सबसे बड़ी ब्लॉकबस्टर और सबसे ज्यादा कमाई करने वाली अजय देवगन की फ़िल्म तानाजी: द अनसंग वॉरियर को भी पीछे छोड़ दिया है । तानाजी ने 15.10 करोड़ रु की कमाई कर साल 2020 की सबसे ज्यादा ओपनिंग कलेक्शन करने वाली फ़िल्म बनी थी । लेकिन अब बागी 3 इससे आगे निकल गई है ।
ओपनिंग डे कलेक्शन में बागी 3 ने, न केवल तानाजी को हराया बल्कि, लव आज कल 12 करोड़, शुभ मंगल ज्यादा सावधान ने 9.55 करोड़ रु, स्ट्रीट डांसर 3डी ने 9.50 करोड़, मलंग ने 6.71 करोड़ रु, भूत-पार्ट 1-द हॉंटेंड शिप ने 5.10 करोड़ रु, छपाक ने 4.77 करोड़ रू, जवानी जानेमन ने 3.24 करोड़ रु और थप्पड़ ने 2.89 करोड़ रु की कमाई करने वाली फ़िल्मों को भी मात दे दी है ।
यह भी पढ़ें : Baaghi 3 Movie Review: खतरनाक एक्शन-दमदार परफ़ोरमेंस का पैकेज है टाइगर श्रॉफ की बागी 3
रिलीज के पहले दिन उम्मीद के मुताबिक दर्शक जुटाने में कामयाब रही बागी 3 को जहां पर्याप्त स्क्रीन्स मिली हैं वहीं बॉक्सऑफ़िस विंडो पर भी इसे कोई मुकाबला नहीं मिला है क्योंकि इस हफ़्ते रिलीज होने वाली फ़िल्म में बागी 3 अकेली फ़िल्म है । उम्मीद जताई जा रही है कि बागी 3 का ओपनिंग वीकेंड में अच्छा खासा उछाल देखने को मिल सकता है ।
















