
करीब दो साल पहले घोषित हुई मिलन लूथरिया की फ़िल्म बादशाहो अभी शुरू होने ही वाली थी कि शुरू होने से पहले ही मुश्किल में फ़ंस गई । प्रधानमंत्री द्दारा, अचानक मौजूदा 500 व 1000 के नोट को बंद करने के ऐलान का असर अजय देवगन की आगामी फ़िल्म बादशाहो पर देखने को मिल रहा है । नोटबंदी के कारण हर जगह जिस तरह की अफ़रा-तफ़री का आलम है उसके चलते निर्माता ने शूटिंग को दस दिनों के लिए टालने का फैसला किया है ।
पिछले एक हफ्ते से देश भर में 500 - 1000 के नोटों पर लगे बैन ने हाहाकार मचा कर रखा है जिससे फ़िल्म इंडस्ट्री भी अछूती नहीं रही । बादशाहो की शूटिंग 19 नवंबर से शुरू होने वाली थी लेकिन अब इसकी शूटिंग 29 नवंबर से शुरू होगी । सूत्रों का दावा है कि फ़िल्म की शूटिंग टालने का फ़ैसला इसलिए लिया गया क्योंकि देश में अभी बहुत भयावह स्थिती है और जो सीधे तौर पर फ़िल्म की टीम, जो कि शूटिंग शेड्यूल का हिस्सा है, को प्रभावित कर रही है । जूनियर कलाकारों और कुछ अन्य यूनिट के सदस्यों को अक्सर एक दिन के लिए, दिन के आधार पर पारिश्रमिक भुगतान करना होता है जो कि आम तौर पर नकद रहता है । और नोटों की किल्लत के कारण प्रोड्यूसर्स मुश्किल में हैं । वर्तमान में नोटों की मौजूदा कमी को ध्यान में रखते हुए, जिससे काम प्रभावित हो रहा है, फ़िल्म के मेकर्स ने फ़िल्म को कुछ दिनों के लिए टालने का फ़ैसला किया जब तक की वर्तमान हालात ठीक नहीं हो जाते ।
मिलन लुथरिया ने सभी टीम सदस्यों की तारीफ़ करते हुए कहा कि उनकी टीम, जिन्हें दैनिक मजदूरी दी जाती है, के लिए भुगतान की प्रक्रिया को सुगम करने के लिए उचित योजना बना रही है । साथ ही फ़िल्म के सभी कलाकारों की सराहना की जो इस अफ़रा-तफ़री भरी स्थिती में अपना साथ दे रहे हैं ।
बादशाहो में अजय देवगन, इमरान हाशमी , ईशा गुप्ता , इलियाना डीक्रूज़ और विद्युत जामवाल मुख्य भूमिका में नजर आएंगे ।
















