कोरोना वायरस महामारी से भारत में 21 दिनों के लॉकडाउन को बढ़ाकर 3 मई कर दिया गया है । लेकिन कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या कम होने का नाम ही नहीं ले रही है । लेकिन कोरोना संकट की इस घड़ी में हर कोई एकजुट होकर इसका मुकाबला कर रहा है । जहां बॉलीवुड सेलिब्रिटी कोरोना प्रभावित लोगों की आर्थिक रूप से तो मदद कर ही रहे हैं वहीं अन्य तरीके भी फ़िल्मी सितारों ने मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है । और इसी कड़ी में अब बॉलीवुड अभिनेत्री आयशा टाकिया और उनके पति फ़रहान आजमी भी मदद के लिए आगे आए हैं । आयशा टाकिया और फ़रहान आजमी ने मुंबई में क्वारंटीन लोगों के लिए अपना होटल खोल दिया है ।

आयशा टाकिया और फरहान आजमी ने क्वांरटीन सेंटर बनाने के लिए बीएमसी को दिया अपना होटल

आयशा टाकिया और फ़रहान आजमी ने बीएमसी को सौंपा अपना होटल

आयशा और उनके पति फ़रहान ने बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (BMC) को अपना गल्फ होटल क्वारनटीन सेंटर के रूप में इस्तेमाल करने के लिए दिया है । उनका यह होटल साउथ मुंबई में स्थ‍ित है ।. फरहान ने इंस्टाग्राम पर इस बात की पुष्ट‍ि भी की है । अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा, “गल्फ होटल एक स्टैंडिंग ओवेशन का हकदार है क्योंकि यह हर बार मुसीबत के समय काम आता है । 1993 के दौरान हुए दंगे में धारावी, प्रतीक्षा नगर और दूसरे क्षेत्र के लोग यहां ठहरे और आज कोरोना के संकट के समय यह उनके काम आ रहा है जो हमें बचा रहे हैं ।”

आपको बता दें कि इससे पहले शाहरुख खान और गौरी खान ने भी अपना चार मंजिला सुविधायुक्त ऑफ़िस बीएमसी को क्वारंटीन सेंटर बनाने के लिए दिया । वहीं सोनू सूद ने भी डॉक्टर्स को रुकने के लिए अपने 6 मंजिला होटल दिया था ।