अनुष्का शर्मा और विराट कोहली का प्यार किसी से भी छुपा हुआ नहीं है । दोनों पब्लिकली अपने प्यार को कबूलने में कभी पीछे नहीं हटे । जहां अनुष्का को विराट के ज्यादातर मैच में देखा जाता था वहीं विराट भी अनुष्का की फ़िल्मों को लेकर ट्वीट करते हुए कई बार नजर आए हैं । अभी कुछ महीने पहले, दोनों ने मान्यवर ब्रांड के लिए एक वेडिंग थीम विज्ञापन भी किया और इसमें दोनों की कैमिस्ट्री लाजवाब लग रही थी ।

हाल ही में, तमाम खबरें आईं कि अनुष्का शर्मा और विराट कोहली इटली में शादी करने जा रहे हैं । लेकिन दोनों पक्षों की तरफ़ से इन खबरों को झूठा बताया गया । लेकिन गुरुवार के दिन, अनुष्का शर्मा को अपने परीवार के साथ इटली के लिए रवाना होते हुए देखा गया । एक बार फिर सूत्रों ने जोर देकर कहा कि 9 से 12 दिसंबर के बीच इटली के फ्लोरेंस और मिलान में शादी समारोह का आयोजन किया जाएगा ।

इससे बड़ी बात ये है कि अनुष्का शर्मा के फ़ैमिली गुरू, महाराज अनंत बाबा भी इटली के लिए रवाना होते हुए नजर आए । माना जा रहा है कि वह इटली में दोनों की शादी को संपन्न करवाएंगे ।

इसी बीच, कयास लगाए जा रहे हैं कि, इटली में शादी के बाद, अनुष्का शर्मा और विराट कोहली मुंबई लौटेंगे और 21 दिसंबर को मुंबई के एक फ़ाइव स्टार होटल में बड़ा सा रिसेप्शन देंगे । विराट-अनुष्का के वेडिंग रिसेप्शन के लिए मुंबई का वो होटल पहले से ही बुक हो गया है । विराट कोहली भी मैच से

अपनी शादी तक ब्रेक लेंगे और वह श्रीलंका के खिलाफ़ होने वाले टी 20 और एकदिवसीय मैच नहीं खेलेंगे । लेकिन इसके बाद दक्षिण अफ़्रीका सीरिज में टीम इंडिया को जॉइन करेंगे । खबरों के मुताबिक वह 27 दिसंबर को दक्षिण अफ़्रीका के लिए रवाना होंगे ।

गौरतलब है कि, अनुष्का शर्मा अपने प्रोडक्शन में बनने वाली आगामी फ़िल्म परी की तैयारियों में जुटी हुईं है । इसके बाद वह वरुण धवन के साथ फ़िल्म सुई धागा में नजर आएंगी और शाहरुख खान व कैटरीना कैफ़ के साथ उनकी बौने वाली फ़िल्म में भी नजर आएंगी ।