जब रेस 3 की स्टार कास्ट का ऐलान हुआ तो फ़िल्म के प्रशंसक निराश हो गए कि रेस 3 में उनके चहेते स्टार अनिल कपूर नजर नहीं आएंगे । क्योंकि रेस के दोनों किश्तों में अनिल कपूर की भूमिका को काफ़ी पसंद किया गया था । आपको बता दें कि रेस और रेस 2 में अनिल कपूर का रोबर्ट डिकोस्टा उर्फ़ आरडी का किरदार बेहद मजेदार था । उनक्र वन लाइनर भी काफ़ी पसंद किए गए थे ।
लेकिन कल, सलमान खान ने ट्विटर पर ऐलान किया कि अनिल कपूर भी उनकी आगामी फ़िल्म रेस 3 का हिस्सा होंगे । जैसा कि अपेक्षित था, यह काफ़ी अच्छी खबर थी, और इसके बाद इससे संबंधित खबरों खासकर उनके किरदार को लेकर, खबरों का तांता लग गया । सुनने में आया कि अनिल इस फ़्रेंचाइजी में स्मार्ट-यंग आर डी का किरदार निभाते हुए नजर नहीं आएंगे । खबरों में कहा जा रहा है कि अनिल कपूर रेस 3 में सलमान खान के पिता की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे । वह इस फ़िल्म में घर के मुखिया के रूप में नजर आएंगे, जिस परिवार का हिस्सा सलमान खान हैं । उनका किरदार फ़िल्म की कहानी का मुख्य भाग है ।
हैरानी की बात ये है कि सलमान खान 51 वर्ष के हैं और अनिल कपूर 60 वर्ष के हैं और इस तरह से अनिल सलमान से सिर्फ़ 9 साल ही बड़े हैं । इसलिए ये देखना वाकई दिलचस्प होगा कि अनिल सलमान के पिता का किरदार निभाएंगे । कथित तौर पर, अभिनेता को उम्र के अंतराल और उनके किरदार पर संदेह था । सलमान खान ने हालांकि उन्हें भूमिका निभाने के लिए राजी किया और इससे भी ज्यादा उन्हें इसके लिए एक काफ़ी तगड़ा पारिश्रमिक प्रदान किया गया ।
सूत्रों के मुताबिक, यही रोल पहले अमिताभ बच्चन को ऑफ़र किया गया था । थोड़ी देर के लिए इस पर विचार करने के बाद, वरिष्ठ अभिनेता ने इसके लिए न कह दिया ।
रेस 3 के निर्माता रमेश तौरानी से जब इन खबरों के बारें में पूछा गया तो उन्होंने सिर्फ़ इतना ही कहा कि अनिल कपूर इस फ़िल्म में परिवार के मुखिया का किरदार अदा करेंगे और उनका किरदार इस सीरिज में वैसा होगा जो पहले की रेस में दिखाई नहीं दिया । हालांकि उनकी तरफ़ से इस बारें में कोई टिप्पणी नहीं आई कि अनिल इसमें सलमान के पिता का रोल निभाएंगे या नहीं ।
सलमान खान और अनिल कपूर के अलावा जैकलिन फ़र्नांडीज, डेजी शाह, साकिब सलीम, बॉबी देओल फ़्रेडी दारुवाला भी रेस 3 में अहम भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे । रेमो डिसूजा द्दारा निर्देशित यह फ़िल्म अगले साल ईद के दौरान रिलीज होगी ।

