नवोदित निर्देशक आशीष दुबे की फिल्म वेलकम टू आगरा एक क्लासिक पुरानी प्रेम कहानी है, जो साल 2000 के दौर में आगरा में एक साइकिल रिक्शा चालक और एक ब्रिटिश पर्यटक के बीच की प्रेम कहानी को दर्शाती है। उत्तर प्रदेश के रहने वाले आशीष दुबे ने चेन्नई में साउथ इंडस्ट्री के दिग्गज निर्देशकों जैसे एन. लिंगुसामी के साथ काम किया है। आशीष का सपना हिंदी में एक क्लासिकल प्रेम कहानी बनाने का था, क्योंकि वे खुद यूपी से ताल्लुक रखते हैं।

अंशुमान झा वेलकम टू आगरा में सारा हॉपकिंस के साथ दिखाएंगे रोमांटिक केमिस्ट्री

अंशुमान झा को मिली वेलकम टू आगरा

आशीष कहते हैं, “आगरा प्रेम का मक्का है और मैं इस फिल्म को बनाने का सपना कई सालों से देख रहा था। मैं LSD में अंशुमान सर के डेब्यू के बाद से ही उनके साथ काम करना चाहता था। यह जानकर खुशी है कि पिछले दशक में उन्होंने कोई पूरी तरह रोमांटिक फिल्म नहीं की है। इस फिल्म के ज़रिए हम सच्चे प्यार की ताकत और जुड़ाव को पर्दे पर लाना चाहते हैं। ताजमहल की पृष्ठभूमि के साथ, हमारा उद्देश्य है कि दर्शकों को थिएटर में एक शुद्ध प्रेम कहानी देखने का अनुभव मिले, क्योंकि मुझे लगता है कि आधुनिक जीवनशैली में ऐसी कहानियां कम हो गई हैं। यह फिल्म एक शुद्ध और साफ-सुथरी प्रेम कहानी है।”

अंशुमान झा ने कहा, “मुझे प्यार की ताकत में विश्वास है और यह भी कि प्यार पहाड़ों को हिला सकता है। मेरा मानना है कि पिछले एक दशक में दर्शकों ने DDLJ या जब वी मेट जैसी क्लासिक प्रेम कहानी नहीं देखी है। इस फिल्म की कहानी उस समय की है जब सोशल मीडिया और मोबाइल फोन का वजूद नहीं था। इसके अलावा, मैं उत्तर प्रदेश में एक रिक्शा चालक की भूमिका निभाने को लेकर उत्साहित हूं। ये मेरा सपना था कि मैं एक दिन ऐसी भूमिका निभाऊं ।”

मैड फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली वेलकम टू आगरा की शूटिंग जनवरी के अंत में शुरू होगी। अंशुमान इससे पहले दिसंबर में अपनी एक्शन फिल्म लकड़बग्घा 2 की शूटिंग पूरी करेंगे। इसके बाद, वह अपनी ट्रायएथलीट पत्नी और 9 महीने की बेटी के साथ क्रिसमस की छुट्टियां मनाएंगे।