भले ही हमने अतीत में अनिल कपूर को कई तरह के किरदार अदा करते हुए देखा है, लेकिन फन्ने खान में वह एक सिंगर का किरदार अदा करते हुए नजर आएंगे । संयोग से अनिल ने करीब तीन दशक पहले, यदि आपको याद न हो तो हम आपको याद दिला दें, फ़िल्म वो सात दिन, में सिंगर का ही रोल अदा किया था । इस फ़िल्म में अनिल कपूर के अपोजिट पद्मनी कोल्हापुरी और नसीरुद्दीन शाह नजर आए थे ।
अनिल कपूर फ़िल्म वो सात दिन, में बने थे म्यूजिशियन
यह एक अपरांपरागtर प्रेम कहानी थी, जो साल 1983 में रिलीज हुई थी और इस फ़िल्म में अनिल एक संघर्षरत म्यूजिशियन बने थे, जो शहर में जमने की कोशिश कर रहे हैं । वहीं दूसरी तरफ़, फ़न्ने खान में अनिल लता मंगेशकर और मोहम्मद रफ़ी के कट्टर फ़ैन के रूप में दिखाए गए हैं और वह एक जादुई आवाज के साथ एक ऑर्केस्ट्रा में एक म्यूजिशियन और गायक का भी रोल अदा करते है ।
भले ही अनिल के किरदार का एक गायक बनने का सपना धरा का धरा रह गया हो लेकिन उसका अपनी बेटी को एक टॉप का सिंगर बनाने का सपना है । पीहू सांड इस फ़िल्म में अनिल की बेटी, लता का किरदार निभा रही हैं । यह फ़िल्म बॉडी शेमिंग जैसे मुद्दों पर भी कटाक्ष करती है । इस फ़िल्म में अनिल अपनी बेटी के सपनों को पूरा करने के लिए टैक्सी ड्राइवर बनते हैं और अपनी बेटी को स्टेज पर एक स्टार सिंगर की तरह देखने के लिए जी-तोड़ मेहनत करते हैं । अनिल का सपना है कि उनकी बेटी, लता एक लोकप्रिय सिंगर बने ।
यह भी पढ़ें : 'स्वरकोकिला' लता मंगेशकर लेकर आईं फन्ने खान, अनिल कपूर के 'अच्छे दिन' !
ऐश्वर्या राय इस फ़िल्म में एक स्टार सिंगर की भूमिका में नजर आएंगी, जबकि राजकुमार राव अनिल के क्राइम-पार्टनर और ऐश्वर्या के लव इंटरेस्ट की भूमिका में नजर आएंगे । फन्ने खान के साथ अतुल मांजरेकर निर्देशन के क्षेत्र में कदम रख रहे हैं । यह फ़िल्म एक लोकप्रिय डच फ़िल्म एवरीबॉडीज फेमस से प्रेरित है । लेकिन इसे भारतीय संवेदनाओं को ध्यान में रखकर बनाया गया है । राकेश ओमप्रकाश मेहरा और टी-सीरिज द्दारा प्रोड्यूस यह फ़िल्म 3 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















