अमिताभ बच्चन और इमरान हाशमी की सस्पेंस थ्रिलर चेहरे रिलीज आज सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है । इस फ़िल्म के क्लाइमेक्स में अमिताभ बच्चन महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर एक 13 मिनट लंबा मोनोलॉग देते हैं । अमिताभ बच्चन का यह सराहनीय मोनोलॉग फ़िल्म को एक अलग लेवल पर ले जाता है ।

अमिताभ बच्चन का 13 मिनट लंबा मोनोलॉग
अमिताभ के इस मोनोलॉग को बहुत महत्वपूर्ण मानते हैं चेहरे के प्रोड्यूसर आनंद पंडित । इस बारें में आनंद पंडित ने कहा, “दुनिया में किसी भी अभिनेता ने किसी भी मुद्दे पर इतना लंबा और खुलासा करने वाला मोनोलॉग नहीं दिया है । आपको जानकर हैरानी होगी कि ये बच्चन साहब का आइडिया था । उन्होंने सोचा कि फिल्म में, बलात्कार और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर बहस को और अधिक यूनिवर्सल स्तर पर ले जाना एक अच्छा विचार होगा, और वह सही थे ।”
बिग बी ने खुद लिखा ये मोनोलॉग
इस मोनोलॉग का एक और सरप्राइज ये है कि इसे अमिताभ ने खुद लिखा है । आनंद पंडित ने बताया, “बच्चन साहब ने पूरा मोनोलॉग खुद लिखा था । इतना ही नहीं उन्होंने इसे एक टेक में कर दिखाया, जिसके अंत में हम सभी ने तालियां बजाईं । अब हम उस 13 मिनट के मोनोलॉग को महिलाओं की सुरक्षा पर एक वीडियो के रूप में उपयोग करने का विचार कर रहे हैं, जिसे महिलाओं के लिए एक सुरक्षित वातावरण बनाने के लिए समर्पित सभी संगठनों को मुफ्त में वितरित किया जाएगा ।”
महिलाओं के खिलाफ यौन हिंसा ने हमेशा अमिताभ को परेशान किया है । 2016 में मेरे साथ हुए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा, “कानून, दंड, जन जागरूकता, सुरक्षा, नियम, बहस और चर्चा बहुतायत में होगी, और होनी भी चाहिए । लेकिन जब तक हम अपने देशवासियों, या वास्तव में दुनिया के किसी भी हिस्से में इस तरह के भीषण, भ्रष्ट, पतित और घिनौने अपराधों में लिप्त रहने वाले किसी भी इंसान की मानसिकता को नहीं बदलते, तब तक हम सार्थक परिणाम की उम्मीद नहीं कर सकते ।”
















