
सदी के महानायक अमिताभ बच्चन दिल्ली में शनिवार को जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित होने जा रहे इंडिया टूडे माइंड रॉक्स यूथ समिट में युवाओं को संबोधित करेंगे । दिनभर के इस कार्यक्रम में देश भर से आए प्रतिभाशाली युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों के बड़े नामों के साथ बातचीत करने का मौका मिलेगा । शूजीत सरकार और तापसी पन्नू भी अमिताभ बच्चन के साथ इस कार्यक्रम में नजर आएंगी ।
इंडिया टूडे समूह की समूह संपादकीय निदेशक (ब्रॉडकास्ट एंड न्यू मीडिया) कली पुरी ने कहा, जब कुछ शानदार होता है तो कहा जाता है कि वह उस शौली या वर्ग का अमिताभ बच्चन है । इसलिए हम 'माइंड रॉक्स' में बिग बी को लाने को लेकर बेहद उत्साहित हैं, क्योंकि इससे हमें युवा सम्मेलनों के अमिताभ बच्चन जैसा महसूस हो रहा है । यह एक दिवसीय समारोह देशभर के उत्कृष्ट युवाओं को अपने स्टार आइकन्स के साथ बातचीत करने का मौका देगा।
गौरतलब है कि अमिताभ बच्चन हाल ही में शूजीत सरकार की हालिया रिलीज फ़िल्म पिंक में मुख्य भूमिका में नजर आए थे । अमिताभ के साथ इस फ़िल्म में तापसी पन्नू भी मुख्य भूमिका में थी । बॉक्सऑफ़िस पर इस फ़िल्म को खूब सराहा जा रहा है ।
















