
महानायक अमिताभ बच्चन, जो जल्द ही शूजीत सरकार की आगामी फ़िल्म पिंक में नजर आएंगे, जल्द ही छोटे पर्दे पर एक टीवी शो को होस्ट करेंगे । साल 2015 में आज की रात है जिंदगी शो को होस्ट कर चुके अमिताभ बच्चन सावधान इंडिया के एक स्पेशल एपिसोड को होस्ट करेंगे । यह शो असल जिंदगी की अपराध की कहानियों पर आधारित है जिसमें अपराध से सतर्क रहना सिखाया जाता है ।
सूत्रों के मुताबिक, अमिताभ बच्चन नए कैम्पेन 'जुर्म का सामना डर के नहीं, डट के करो' , जो की कॉलेज के छात्रों पर केंद्रित होगा, के लिए शूटिंग करेंगे । वह इस शो के दो एपिसोड के लिए शूटिंग करेंगे और इसके साथ-साथ समान रूप से अपनी आगामी फ़िल्म पिंक का भी प्रमोशन करेंगे । यह शो अगले महीने टीवी पर प्रसारित होगा ।
निर्माता शूजीत सरकार की सोशल थ्रिलर फ़िल्म पिंक में अमिताभ बच्चन एक वकील की भूमिका निभाते हुए नजर आएंगे । ये फ़िल्म समजा के उस आईने को दिखाती है जिसमें पहले तो लड़की बलात्कार जैसे घिनोने अपराध का शिकार बनती है और उसके बाद समाज उसे जीने नहीं देता । एक रेप पीड़िता को किस तरह के सवालों का सामना कोर्ट में करना पड़ता है ये भी इस फ़िल्म में दिखाया गया है ।
निर्देशक अनिरुद्ध रॉय चौधरी की फ़िल्म पिंक में अमिताभ बच्चन के अलावा तापसी पन्नू, अंगद बेदी, कीर्ति और एंड्रिया तरियांग मुख्य भूमिका में है । यह फिल्म 16 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















