शादी के बाद और ख़ासकर मां बनने के बाद आलिया भट्ट का फ़िल्मी करियर एक नए लेवल पर पहुंच गया है । जहां आलिया जल्द ही करण जौहर की लार्जर देन लाइफ़ फ़िल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में लीड रोल में नज़र आएंगी वहीं वह इस साल हॉलीवुड फ़िल्म हार्ट ऑफ स्टोन के साथ अपना हॉलीवुड डेब्यू भी कर रही हैं । इतना ही नहीं आलिया भट्ट को हाल ही में यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स में भी शामिल किया गया है । आदित्य चोपड़ा जल्द ही एक महिला प्रधान स्पाई थ्रिलर बना रहे हैं जिसमें आलिया सुपर-एजेंट के किरदार में नज़र आएंगी । फिल्म का निर्माण 2024 से शुरू होगा ।

यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स की महिला केंद्रित स्पाई थ्रिलर फ़िल्म में आलिया भट्ट का होगा मेकअप-फ्री लुक ; सलमान खान और शाहरुख खान की भी नहीं होगी स्पेशल एंट्री

महिला केंद्रित फ़िल्म में स्पाई एजेंट में आलिया भट्ट का मेकअप-फ्री लुक

ऐसा लगता है कि आलिया 2024 में एक नए लेवल पर पहुँचने के लिए पूरी तरह तैयार हैं । वह साल 2024 की शुरुआत यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स में पहली महिला सुपर-हीरो बनकर करेंगी । हालाँकि यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स में कैटरीना कैफ़ और दीपिका पादुकोण पहले से ही लेकिन आलिया महिला केंद्रित फ़िल्म में स्पाई एजेंट बनकर लीड रोल में नज़र आने वाली हैं ।

फ़िल्म से जुड़े एक करीबी सूत्र ने खुलासा किया, “आलिया एक जेंडर-फ़्री स्पाई की भूमिका निभाएंगी । वह किसी जेंडर स्पैसिफ़िक एक्शन हीरोइन की भूमिका नहीं निभाएंगी, बल्कि सलमान और शाहरुख जैसे हीरो की भूमिका निभाएंगी । आदि चोपड़ा महिला नायक की रूढ़िवादी छवि को तोड़ना चाहते हैं, अगर हीरोइन सुपरहीरो होगी तो ग्लैमरस और सेक्सी होगी । दुनिया को बचाने के मिशन में आलिया एक मेकअप-फ्री, नो-वैनिटी सुपरहीरो की भूमिका निभाएंगी ।”

क्या यशराज के स्पाई यूनिवर्स के अन्य सदस्य आलिया की स्पाई थ्रिलर में दिखाई देंगे ? इस पर सूत्र ने कहा, “हां लेकिन बाद में । पहली फिल्म में नहीं । आदि नहीं चाहते कि उनकी वजह से आलिया की लाइमलाइट कम हो जाए ।”

आलिया को यशराज के स्पाई यूनिवर्स में शामिल किए जाने की औपचारिक घोषणा रॉकी और रानी की प्रेम कहानी की रिलीज के बाद की जाएगी ।