न केवल संजय लीला भंसाली गंगूबाई काठियावाड़ी में आलिया भट्ट के साथ काम करके खुश हैं बल्कि आलिया भट्ट भी भंसाली के साथ काम करके काफ़ी उत्साहित हैं । आलिया भट्ट फ़िर से भंसाली के साथ काम करना चाहती हैं । इसलिए आलिया ने संजय लीला भंसाली की आगामी वेब सीरिज हीरा मंडी में खुद से अपने लिए एक छोटा सा रोल मांगा है । इस बारें में भंसाली से जुड़े करीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया कि, आलिया ने भंसाली से कहा, “मुझे हीरा मंडी में कोई भी रोल दे दीजिए, कोई भी रोल हो और मैं इसे बिल्कुल फ़्री में करूंगी ।”

आलिया भट्ट को संजय लीला भंसाली की हीरा मंडी में चाहिए रोल
संजय लीला भंसाली ने हालांकि आलिया के इस प्रपोजल को मानने से इंकार कर दिया है । पूरी संभावना है कि आलिया हीरा मंडी में एक छोटा सा रोल तो करेंगी लेकिन उसके लिए उन्हें उनकी मार्केट वैल्यू/कीमत चुकाई जाएगी । इस बारें में सूत्र ने बताया, “यह अमिताभ बच्चन की तरह नहीं होगा जिन्होंने ब्लैक में अपने रोल के लिए एक रुपया भी चार्ज नहीं किया था, क्योंकि प्रोड्यूसर्स उन्हें उनकी कीमत नहीं दे सकते थे । यहां तो हीरा मंडी की प्रोड्यूसर नेटफ़्लिक्स है । इसलिए इस वेब सीरिज के हर कलाकार को उसकी पूरी कीमत चुकाई जाएगी ।”
वेब सीरिज हीरा मंडी के बारें में सूत्र ने बताया, “हीरा मंडी में कुल 7 एपिसोड हैं । भंसाली इसके पहले एपिसोड को डायरेक्ट करेंगे । जबकि इसके बाकी के 6 एपिसोड विभु पुरी डायरेक्ट करेंगे और भंसाली उन्हें सिर्फ़ सुपरवाइज करेंगे ।”
बता दें कि विभु पुरी ने सांवरिया के दौरान भंसाली को सहयोग किया था और गुजारिश के डायलॉग्स भी विभु पुरी ने ही लिखे थे । पुरी ने 2015 में आई फ़िल्म हवाईज़ादा का भी निर्देशन किया था ।
















