बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार, जिसकी फ़िल्म सरफिरा सिनेमाघरों में आज रिलीज हो चुकी है, कोविड19 पॉजिटिव पाए गए हैं । कहा जा रहा है कि, लगातार सरफिरा के प्रमोशन में बिजी अक्षय कुमार पिछले दो दिन से ठीक महसूस नहीं कर रहे थे और जब उन्होंने टेस्ट कराया तो वह कोरोना पॉजिटिव पाए गए । कोविड होने के बाद उन्होंने खुद को आइसोलेट कर लिया है ।

अक्षय कुमार को हुआ कोरोना
कोविड19 पॉजिटिव पाए जाने के बाद अब अक्षय डॉक्टर्स द्वारा बताई गई सारी बातों का ध्यान रख रहे हैं और पूरी सावधानी बरत रहे हैं । रिपोर्ट्स की मानें तो, अपनी फिल्म सरफिरा के प्रमोशन में बिजी अक्षय को जब टीम के बाकी मेंबर्स से पता चला कि प्रमोशनल टीम से जुड़े कुछ लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं तो ऐसे में अक्षय कुमार ने भी कोविड टेस्ट कराने का फैसला लिया । और टेस्ट में वह भी कोरोना की चपेट में आ गए । बता दें कि, अक्षय तीसरी बार कोरोना की चपेट में आए हैं । इससे पहले अप्रैल 2021 में भी उनका टेस्ट पॉजिटिव आया था और उन्हें अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था । फिर 2022 में एक और पॉजिटिव टेस्ट के कारण वह फ्रांस में होने वाले कान्स फिल्म फेस्टिवल में शामिल नहीं हो पाए थे ।
कोविड19 पॉजिटिव होने के कारण ही अक्षय अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की ग्रैंड वेडिंग में शामिल नहीं हो पायेंगे । हालांकि, अनंत अंबानी खुद अक्षय के घर उन्हें अपनी शादी में इनवाइट करने के लिए पहुंचे थे । लेकिन अब अक्षय कुमार कोरोना की चपेट में आने के बाद से इस इवेंट से दूरी बनाकर रहेंगे ।
अक्षय की फ़िल्म सरफिरा की बात करें तो फ़िल्म आज देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और फ़िल्म को पॉजिटिव रिव्यूज मिल रहे हैं । सरफिरा की रिलीज के साथ ही अक्षय ने अपने इंस्टाग्राम पर फ़िल्म के सेट से कुछ BTS तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, “सरफिरा, का मतलब पागल होता है और पीछे मुड़कर देखने पर मुझे लगता है कि अगर मैंने यह फिल्म नहीं की होती तो मैं पागल होता । तो मुझे खुशी है कि मैंने इसे की । यह यात्रा लगभग 3 साल पहले शुरू हुई थी और अंततः यह आप सभी के गवाह बनने और उम्मीद है कि इसे संजोयेंगे । सरफिरा एक सपने और उस सपने को पूरा करने की जिद की कहानी है, जिससे हम सब सीख सकते हैं । मुझे इस फिल्म का हिस्सा होने पर बहुत गर्व है और खुशी है कि सरफिरा मेरी 150वीं फिल्म है । #सरफिरा अब तुम्हारा है”
















