अक्षय कुमार के साथ रोहित शेट्टी की अगली कॉप ड्रामा सूर्यवंशी के लिए दर्शकों का उत्साह चरम सीमा पर है । दर्शकों को इस फ़िल्म का बेसब्री से इंतजार है । अक्षय कुमार की सूर्यवंशी के लिए दर्शकों के उत्साह को देखते हुए मेकर्स ने इसे इसकी तय रिलीज डेट, जो कि 27 मार्च थी, से तीन दिन पहले यानि 24 मार्च को शाम 6 बजे से रिलीज हो रही है । खास बात यह है कि सूर्यवंशी ऐसी पहली बॉलीवुड फिल्म भी होगी, जिसे रिलीज के बाद मुंबई में 24 घंटे में कभी भी देखा जा सकेगा । अक्षय कुमार और कैटरीना कैफ़ अभिनीत सूर्यवंशी साल 2020 की बहुप्रतिक्षित फ़िल्मों में से एक है ।

Sooryavanshi: अक्षय कुमार की कॉप ड्रामा सूर्यवंशी अब 24 मार्च को होगी रिलीज, 24 घंटे खुले रहेंगे सिनेमाघर

अक्षय कुमार की सूर्यवंशी अब 24 मार्च को होगी रिलीज

अक्षय,ने अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है जिसमें उन्होंने कॉप अंदाज में सूर्यवंशी की नई रिलीज डेट की घोषणा की है । अक्षय ने लिखा, 'क्राइम के लिए समय नहीं है क्योंकि आ रही है पुलिस । सूर्यवंशी फिल्म 24 मार्च को सभी सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।'

24 मार्च से दिन-रात खुले रहेंगे सिनेमाघर

इस वीडियो में आप सिम्बा के रणवीर सिंह, सिंघम के अजय देवगन और सूर्यवंशी के अक्षय को देख सकते हैं । इन सभी के पास बच्चे एक पेपर पर 24 मार्च लिखकर ले जाते हैं । ये सभी अपनी मंजूरी देते हैं और फिर बताया जाता है कि गुड़ी पाड़वा के अवसर की खुशी में फिल्म सूर्यवंशी अब 24 मार्च की शाम को रिलीज की जाएगी । बता दें कि सूर्यवंशी पहले 27 मार्च को रिलीज होने वाली थी ।

दरअसल 24 मार्च से मुंबई के सभी सिनेमाघर 24/7 खुले रहेंगे इसलिए सूर्यवंशी भी 24 घंटे में कभी भी देखी जा सकेगी । इसी के साथ ही 25 मार्च को गुड़ी पड़वा की छुट्टी है इसी को ध्यान में रखते हुए टीम सूर्यवंशी ने फिल्म 24 मार्च की शाम को रिलीज करने का फैसला लिया है । गौरतलब है कि पहले यह फिल्म ईद के मौके पर रिलीज होने वाली थी लेकिन सलमान खान के चलते इसकी रिलीज डेट बदलकर 27 मार्च कर दिया गया । अब इसे इससे भी तीन दिन पहले रिलीज किया जा रहा है ।

इसी के साथ फिल्म के मेकर्स ने इसके ट्रेलर की कन्फ़र्म रिलीज डेट 2 मार्च का भी ऐलान किया है । सूर्यवंशी में अजय और रणवीर भि अपने सिंघम और सिम्बा अवतार में फ़िल्म के क्लाइमेक्स में नजर आएंगे ।

यह भी पढ़ें : CONFIRMED: अक्षय कुमार की कॉप ड्रामा सूर्यवंशी का ट्रेलर उनके लकी नंबर डेट पर होगा रिलीज, ये है डिटेल

अक्षय, कैटरीना के अलावा फ़िल्म में जैकी श्रॉफ, गुलशन ग्रोवर और सिकंदर खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं । सूर्यवंशी में अक्षय एटीएस ऑफ़िसर वीर सूर्यवंशी के किरदार में नजर आएंगे । रोहित शेट्टी पिक्चर्स, कैप ऑफ़ गुड फ़िल्म्स और धर्मा प्रोडक्शंसं ने मिलकर इसे प्रोड्यूस किया है ।