एक समय में बॉक्स ऑफिस के ‘गारंटी कुमार’ कहे जाने वाले अक्षय कुमार को फिर से बॉक्स ऑफिस किंग बनने के लिए हिट फ़िल्म की सख़्त ज़रूरत है । क्योंकि अक्षय की पिछली कुछ फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक़ प्रदर्शन नहीं कर पा रही हैं । हालांकि अक्षय कुमार के पास अपने बॉक्स ऑफिस कमबैक के लिए कई रोमांचक फ़िल्में हैं । लेकिन इसी बीच सुनने में आ रहा है कि, अक्षय के फ़िल्मी करियर में एक के बाद एक कई हिट फ़िल्में देने वाले फ़िल्ममेकर प्रियदर्शन एक बार फिर अपने फ़ेवरेट अभिनेता के साथ काम करने की प्लानिंग कर चुके हैं । खबरों की मानें तो, 14 साल बाद अक्षय कुमार और प्रियदर्शन की जोड़ी फिर से साथ काम करने जा रही है ।

अक्षय कुमार के साथ फ़िल्म करेंगे प्रियदर्शन
अक्षय के साथ हेरा फेरी, भागम भाग, गरम मसाला और भूल भुलैया जैसी हिट फ़िल्में देने वाले प्रियदर्शन एक साथ एक प्रोजेक्ट पर काम करने को लेकर लगातार बातचीत कर रहे हैं । हालांकि इस बार इन दोनों के साथ एकता कपूर का नाम भी नए प्रोजेक्ट में शामिल है । कहा जा रहा है कि, एकता कपूर इस फिल्म को प्रोड्यूस करेंगी और प्रियदर्शन जल्द ही इस फिल्म पर काम शुरू करने वाले हैं । माना जा रहा है कि ये फिल्म भारत के सबसे पुराने अंधविश्वास -जादू पर बेस्ड होने वाली है ।
हिंदुस्तान टाइम्स को दिए इंटरव्यू में अपने लेटेस्ट प्रोजेक्ट के साथ-साथ अक्षय के साथ नई फिल्म भी कन्फर्म की । प्रियदर्शन ने बताया कि वह अभी तक वह अपनी डॉक्यू-सीरीज पर काम कर रहे थे, जो राम मंदिर के इतिहास पर बनी है। अब अक्षय के साथ फिल्म करेंगे ।
प्रियदर्शन ने खुलासा किया कि, “मेरी सबसे महत्वपूर्ण फिल्म जिस पर मैं काम शुरू कर रहा हूं वह अक्षय के साथ एकता कपूर द्वारा निर्मित फिल्म है । यह एक हॉरर फैंटेसी फिल्म है, जिसमें ह्यूमर और कॉमेडी भी होगी ।”
जब प्रियदर्शन से सवाल किया गया कि उनकी इस फिल्म का भूल भुलैया से कोई कनेक्शन होगा ? इसके जवाब में प्रियदर्शन ने कहा, “वह एक साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म थी, लेकिन यह भारत के सबसे पुराने अंधविश्वास, जादू की पृष्ठभूमि में काल्पनिक होगी । अक्षय के साथ काम करना हमेशा खुशी की बात है । अक्षय इमोशन्स को अच्छे समझते हैं ।”
















