बॉलीवुड अभिनेता अक्षय कुमार, जो देश के लिए कुछ करने और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए सामने आने से कभी नहीं हिचकिचाते, ने एक बार फ़िर साबित कर दिया है कि वो न केवल अच्छे अभिनेता हैं बल्कि एक अच्छे इंसान भी है । और अक्षय कुमार की अच्छाई न केवल फ़िल्मों में बल्कि असल जिंदगी में कई बार देखने को मिली है । हाल ही में अक्षय कुमार ने एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल को 5, लाख रु देकर मदद की ।

अक्षय कुमार ने एसिड अटैक सर्वाइवर लक्ष्मी अग्रवाल को 5 लाख रु देकर की छोटी सी मदद

अक्षय कुमार ने कहा ये उनकी तरफ़ से छोटी सी मदद है

जब से लक्ष्मी ने अपनी खराब आर्थिक स्थिति का दर्द बयां किया, कि उनके पास ना तो कोई जॉब है, न ही घर का किराया देने के लिए पैसे और ना ही बेटी को पालने के लिए पैसे, तब से उनकी मदद के लिए बहुत से लोग आगे आ रहे हैं । और उन्हीं में से एक रहे अक्षय, जिन्होंने लक्ष्मी को 5 लाख रुपए देकर उनकी आर्थिक मदद की । जब अक्षय ने ये खबर पढ़ी तो उन्होंने लक्ष्मी की मौद्रिक सहायता करने का फ़ैसला किया । अक्षय ने खुलासा किया ये उनकी तरफ़ से एक छोटी सी मदद है ।

अक्षय ने इस बारें में कहा कि, 'मुझे इस बारे में बात करने में भी शर्म आ रही है । मैंने बस छोटी सी मदद की है । ऐसा करने के पीछे मेरा इरादा है कि लक्ष्मी अपने घर के किराए, बेटी के खाने आदि की चिंता किए बगैर खुद के लिए रोजगार तलाश सके । हमें यह समझना होगा कि मेडल, अवॉर्ड और सर्टिफिकेट पेट व बिल भरने में मदद नहीं करते । यदि हमें मदद करनी ही है तो वह थोड़ी प्रैक्टिकल होनी चाहिए ।'

यह भी पढ़ें : कमाई के मामले में अक्षय कुमार और सलमान खान ने लगाई दुनिया के सबसे कमाऊ एक्टर जॉर्ज क्लूनी के साथ रेस

आपको बता दें कि साल 2005 में एक पीछा कर रहे आदमी ने लक्ष्मी पर एसिड से हमला कर दिया था, जिससे उनका पूरा चेहरा जल गया था । लेकिन लक्ष्मी ने हार नहीं मानी और इसके खिलाफ़ आवाज उठाने का फ़ैसला किया । बता दें कि लक्ष्मी को उनकी बहादुरी के लिए कई बार सम्मानित किया जा चुका है । साल 2014 में लक्ष्मी को अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा की पत्नी मिशेल ओबामा ने भी सम्मानित किया था ।