फ़िल्ममेकर रोहित शेट्टी अपने कॉप यूनिवर्स को आगे बढ़ाते हुए जल्द ही अजय देवगन और दीपिका पादुकोण के साथ अपनी हिट फ़्रेंचाइज़ी सिंघम की तीसरी किश्त, सिंघम अगेन की शूटिंग शुरू करेंगे । इसी बीच रोहित शेट्टी ने सिंघम अगेन की रिलीज़ डेट भी अनाउंस कर दी है । अजय देवगन और दीपिका पादुकोण की सिंघम अगेन अगले साल 2024 में दीवाली के दौरान बड़े पैमाने पर सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी ।

अजय देवगन की सिंघम अगेन दीवाली पर रिलीज़ होगी
डायरेक्टर रोहित शेट्टी इसी साल जुलाई से अजय के साथ सिंघम अगेन की शूटिंग शुरू करने वाले हैं । इस फ़िल्म में एक बार फिर अजय सख़्त और अनुशासित पुलिस ऑफिसर बाज़ीराव सिंघम के किरदार में नज़र आएंगे । सिंघम अगेन के साथ रोहित शेट्टी पहली बार अपने कॉप यूनिवर्स की फ़र्स्ट लेडी सिंघम को भी पेश कर रहे हैं । इस बार अजय के साथ दीपिका भी लेडी कॉप के रूप में नज़र आएंगी ।
सिंघम अगेन को लेकर काफ़ी दिनों से क़यास लगाए जा रहे थे की क्या अजय देवगन की सिंघम अगेन में सिंबा के रूप में रणवीर सिंह और सूर्यवंशी के रूप में अक्षय कुमार नज़र आएंगे ? तो अब इस सवाल का जवाब बॉलीवुड हंगामा को मिल गया है । फ़िल्म से जुड़े करीबी सूत्र ने अजय और दीपिका स्टारर सिंघम अगेन में अक्षय कुमार और रणवीर सिंह, दोनों की मौजूदगी को कंफ़र्म किया है । सूत्र ने इस बारें में डीटेल में बताते हुए कहा, “यह पूरी तरह से कॉप यूनिवर्स है और मार्वल यूनिवर्स की तरह, जहां फिल्म में अन्य एक्टर्स का कैमियो दिखाया जाता है, सिंघम अगेन में भी कॉप यूनिवर्स के कलाकारों का कैमियो होगा । जैसे सिंबा में अजय ने सिंघम बनकर कैमियो किया, सूर्यवंशी में अजय ने सिंघम और रणवीर सिंह ने सिंबा बनाकर कैमियो किया था, ठीक वैसे ही अजय की सिंघम अगेन में अक्षय कुमार सूर्यवंशी बनकर कैमियो करेंगे ।”
सूत्र ने आगे बताया, “इन फिल्मों को एक-दूसरे के साथ मिलाने की योजना बनाई जा रही है, इसलिए यह स्पष्ट है कि तीनों एक-दूसरे की फिल्मों में दिखाई देंगे ।” लेकिन क्या वे मार्वल फ़िल्मों की तरह कॉप यूनिवर्स का भी कोई कॉमन क्लाईमेक्स रखेंगे ? इसके जवाब में सूत्र ने कहा, “इसके लिए अभी बहुत समय है । लेकिन इतना ज़रूर है की जब भी कॉप यूनिवर्स को पूरा करना पॉसिबल होगा तो यह बहुत ग्रैंड होगा ।”
सिंघम फ़्रैंचाइजी की पहली फ़िल्म सिंघम साल 2011 में रिलीज हुई थी । यह फ़िल्म 2010 में बनी तमिल फ़िल्म सिंघम का हिंदी रीमेक थी । इस फ़िल्म में अजय के साथ काजल अग्रवाल नजर आईं थी । यह फ़िल्म बॉक्स ऑफ़िस पर सफ़ल साबित हुई । इसके बाद साल 2014 में इसका दूसरा पार्ट यानि सिंघम रिटर्न्स आया । इस फ़िल्म में अजय के साथ करीना कपूर नजर आईं थी । अब ये देखना दिलचस्प होगा कि मेकर्स सिंघम अगेन में अजय के अपोजिट किस अभिनेत्री को कास्ट करते हैं ।
















