
दिल को झकझोर देने वाली सरबजीत सिंह की कहानी जिसे पर्दे पर उतारा था निर्देशक ओमंग कुमार ने अपनी बायोपिक फ़िल्म सरबजीत में, अब अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने की तैयारी कर रही है । हमने सुना है कि भावुक विषय पर बनी बेहतरीन फ़िल्म सरबजीत ऑस्कर की दौड़ में शामिल होगी ।
हमने सुना है कि, सरबजीत फ़िल्म जिसमें रणदीप हुड्डा और ऐश्वर्या राय बच्चन मुख्य भूमिका में नजर आए थे, को इस साल ऑस्कर पुरस्कार के लिए, लेकिन एक स्वतंत्र प्रविष्टि के रूप में प्रस्तुत किया गया है । ऑस्कर में शामिल होने के लिए फिल्म की टीम के सोशल मीडिया पर बधाई संदेश प्राप्त हो रहे हैं वहीं फ़िल्ममेकर ओमंग कुमार ने सभी प्रशंसकों का धन्यवाद किया है ।
आपको बता दें कि अभी सिर्फ ऑस्कर अवॉर्ड की शुरुआती सूची निकली है, एक महीने बाद 24 जनवरी को ऑस्कर पुरस्कारों की अंतिम सूची की घोषणा की जायेगी । ऑस्कर अवॉर्ड के कार्यक्रम का आयोजन 26 फरवरी 2017 को हॉलीवुड में हॉलीवुड ऐंड हाइलैंड सेंटर के डोल्बी थिएटर में आयोजित किया जाएगा ।
फ़िल्म के बारें में बात करें तो, यह फ़िल्म एक ऐसे भारतीय किसान सरबजीत पर आधारित थी जिसने शराब के नशे में एक रात भारत-पाक सीमा को लांघ लिया था और पाकिस्तानी पुलिस ने उसे खुफ़िया जासूस समझ कर जेल में बंद कर दिया था और उसे तमाम तरह की यातनाएं दी और 13 साल तक जेल में रहने के बाद एक दिन उसने पाकिस्तान की जेल में अपना दम तोड़ दिया ।
वहीं दूसरी तरफ़, ऑस्कर की दौड़ में जो दूसरी भारतीय फ़िल्म संभवत; जाने वाली है उसका नाम है एम एस धोनी; द अनटोल्ड स्टोरी । यह भी एक बायोपिक है जो भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की जिंदगी पर आधारित है । इस फ़िल्म में उसके एक जुनूनी क्रिकेट प्रशंसक से एक क्रिकेट सुपरस्टार बनने की कहानी को दर्शाया गया है ।
















