फ़ाइनली अक्षय कुमार, संजय दत्त और अरशद वारसी के साथ फ़िल्म प्रोड्यूसर फिरोज नाडियाडवाला ने अपनी कॉमिक फ़्रेंचाइज़ी फिल्म वेलकम के तीसरे पार्ट वेलकम 3 पर काम शुरू कर दिया है । फ़िलहाल फ़िल्म प्री-प्रोडक्शन चरण में है और मेकर्स अगले साल 2024 की पहली छमाही में इसे रिलीज करने की प्लानिंग कर रहे हैं । इसी बीच बॉलीवुड हंगामा ने हाल ही में बताया कि फिरोज नाडियाडवाला ने मीका सिंह और दलेर मेहंदी को अक्षय कुमार, संजय दत्त और अरशद वारसी की वेलकम 3 के लिए चुना है । और अब एक बार फिर हमारे पास वेलकम 3 को लेकर लेटेस्ट अपडेट है ।

अक्षय कुमार, संजय दत्त और अरशद वारसी की वेलकम 3
हमारे विश्वस्त सूत्रों के अनुसार, फ़िरोज़ नाडियाडवाला ने वेलकम 3 को डायरेक्ट करने के लिए अहमद खान को चुना है । “फ़िरोज़ नाडियाडवाला और अहमद खान साल 2000 से साथ हैं और दोनों की बाण्डिंग काफ़ी मज़बूत है । असल में अहमद ने फ़िरोज़ नाडियाडवाला के लिए फ़ुल एन फ़ाइनल नाम की एक फ़िल्म का निर्देशन भी किया था । हालाँकि यह फ़िल्म बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाई, लेकिन टेलीविजन पर अहमद खान अपना नाम बनाने में कामयाब रहे । फिरोज को लगता है कि अहमद के पास वेलकम 3 का निर्देशन करने के लिए सही कौशल है और इसलिए उन्होंने अहमद को कॉमिक फिल्म के लिए साइन किया है ।” निर्माता के करीबी एक सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया ।
सूत्र ने आगे कहा कि अक्षय, अरशद और संजय वेलकम 3 को लेकर बहुत उत्साहित हैं । “अहमद ने एक्शन क्षेत्र में कई हिट फिल्में दी हैं और वेलकम 3 में हास्य के साथ कुछ एक्शन भी होगा । वेलकम 3 की पूरी टीम को विश्वास है कि अहमद वेलकम में एक नया फ़्लेवर लेकर आएँगे जो दर्शकों को यकीनन पसंद आएगा । सूत्र ने हमें आगे बताया, “फिलहाल फ़िल्म की तैयारी का काम जोरों पर चल रहा है ।”
वेलकम 3 के अलावा, अहमद खान आवारा पागल दीवाना 2 का भी निर्देशन करेंगे, जिसकी शूटिंग अगले साल के अंत में शुरू होगी । सूत्र ने हमें आगे बताया, “हेरा फेरी 3 का निर्देशन फरहाद सामजी करेंगे, जबकि अहमद खान को वेलकम 3 और आवारा पागल दीवाना 2 की जिम्मेदारी दी गई है ।”
3 बैक-टू-बैक कॉमिक फ्रेंचाइजी के साथ, अक्षय कुमार निश्चित रूप से एक बार फिर अपने दर्शकों का दिल जीतने के लिए कमर कस रहे हैं ।
















