यशराज फिल्म्स की सैयारा से अपना ब्लॉकबस्टर डेब्यू करने के बाद अहान पांडे ने अपनी दूसरी फ़िल्म भी आदित्य चोपड़ा के यशराज फिल्म्स के साथ साइन की है । रिपोर्ट्स के मुताबिक, अहान पांडे की नेक्स्ट फ़िल्म एक एक्शन-रोमांटिक ड्रामा होगी जिसे सुल्तान के डायरेक्टर अली अब्बास जफर द्वारा निर्देशित और यशराज फिल्म्स के आदित्य चोपड़ा द्वारा प्रोड्यूस किया जाएगा ।

अहान पांडे की नेक्स्ट फ़िल्म एक्शन
मोहित सूरी के निर्देशन और आदित्य चोपड़ा की प्रेजेंटेशन में बनी सैयारा 18 जुलाई 2025 को रिलीज़ हुई थी और यह बॉक्स ऑफिस पर बड़ी सफलता साबित हुई। यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली लव स्टोरी बनी और अहान पांडे व अनीत पड्डा को नई पीढ़ी के सबसे प्रॉमिसिंग टैलेंट्स में शुमार कर दिया।
अब पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, अहान ने अपनी दूसरी फिल्म फिर से वाईआरएफ के साथ साइन की है। सूत्रों के अनुसार, “अली अब्बास जफर लंबे समय से एक नए ऐक्शन-रोमांस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे और सैयारा देखने के बाद उन्होंने अहान को इसमें कास्ट करने का फैसला किया। कहा जा रहा है कि यह सुझाव खुद आदित्य चोपड़ा का था।”
सूत्र ने बताया, “अहान की कम एक्सपोज़र वाली पब्लिक इमेज उनकी सबसे बड़ी ताकत है। सैयारा की सफलता के बाद लोग जानना चाहते हैं कि वह आगे क्या करेंगे। ऐसे में उन्हें एक हाई-इम्पैक्ट कहानी में कास्ट करना दर्शकों के लिए बड़ा सरप्राइज़ होगा।”
फिल्म का टाइटल अभी तय नहीं हुआ है, लेकिन कहानी पूरी हो चुकी है और म्यूज़िक सिटिंग्स भी शुरू हो चुकी हैं। यह फिल्म अहान को एक बिल्कुल नए अंदाज़ में पेश करेगी, जिसमें जबरदस्त एक्शन, गहरी रोमांस और इमोशनल ड्रामा का मिश्रण होगा। शूटिंग 2026 की पहली तिमाही में शुरू होने की उम्मीद है।
यह फिल्म आदित्य चोपड़ा और अली अब्बास जफर की पाँचवीं कोलैबोरेशन होगी । इससे पहले दोनों मेरे ब्रदर की दुल्हन, गुंडे, सुल्तान और टाइगर ज़िंदा है जैसी हिट्स साथ में दे चुके हैं। ऐसे में इस नए प्रोजेक्ट से भी दर्शकों और इंडस्ट्री की उम्मीदें काफी ऊँची हैं।
















