कोरोना वायरस के संक्रमण को फ़ैलने से बचाने के लिए लगाए लॉकडाउन में दूरदर्शन पर फ़िर से पुराने शोज की वापसी हो रही है । लॉकडाउन की घोषणा के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने दूरदर्शन पर कई धारावाहिकों के पुन: प्रसारण का फैसला दर्शकों ने काफी पसंद किया । रिकॉर्डतोड़ टीरापी वाले शोज, रामायण, महाभारत और श्रीकृष्णा के बाद अब दूरदर्शन चैनल ने एक और हिट धार्मिक शो विष्णुपुराण को फ़िर से प्रसारित करने का ऐलान किया है । विष्णुपुराण 14 मई से डीडी भारती पर रोजाना शाम 7 बजे प्रसारित किया जाएगा । बीआर चोपड़ा के महाभारत में भगवान कृष्ण के किरदार में नजर आए नीतिश भारद्वाज विष्णुपुराण में भी भगवान कृष्ण के किरदार में नजर आएंगे ।

रामायण और महाभारत के बाद अब दूरदर्शन पर फ़िर से लौट रहा है नीतिश भारद्वाज का विष्णुपुराण

नीतिश भारद्वाज का विष्णुपुराण भगवान विष्णु और उनके विभिन्न अवतारों पर आधारित है

विष्णुपुराण भगवान विष्णु और उनके विभिन्न अवतारों पर आधारित है, जिसे बीआर चोपड़ा और रविचोपड़ा ने बनाया था । इस शो को पहली बार साल 2000 में टेलीकास्ट किया गया था । हाल ही में दूरदर्शन ने इस बात की जानकारी दी थी कि बीआर चोपड़ा निर्देशित विष्णु पुराण को डीडी भारती पर प्रसारित किया जाएगा । दूरदर्शन नेशनल ट्वीट करके कहा, 'देखिए चक्रधर भगवान श्री विष्णु के अवतारों और महिमा की कथा “विष्णु पुराण” आज रात 7 बजे से सिर्फ DD Bharati पर।'

विष्णुपुराण में नीतिश के अलावा श्वेता तिवारी, श्रुति उल्फत, प्रदीप रावत, सुधा चंद्रन, सुदेश लहरी, विंदु दारा सिंह, सुरेंद्र पाल, रवि किशन, दीपशिखा नागपाल, रीना कपूर और किंशुक वैद्य जैसे कई कलाकार अहम किरदार निभाते हुए नजर आएंगे ।

बता दें कि अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया स्टारर धारावाहिक रामायण ने टीआरपी में तो इतिहास रच दिया है । शो ने वर्ल्ड रिकॉर्ड भी बना लिया है । व्यूअरशिप में रामायण ने अमेरिका के सबसे लोकप्रिय शो गेम ऑफ थ्रोन्स को भी पीछे छोड़ दिया है ।