हिंदी सिनेमा को कई हिट कॉमेडी फ़िल्में देने वाले डायरेक्टर अनीस बज्मी अपनी अगली कॉमेडी फ़िल्म के लिए पूरी तरह से तैयार हैं । भूल भूलैया 2 की अपार सफ़लता के बाद अनीस बज्मी एक डबल रोल वाली कॉमेडी फ़िल्म बनाने जा रहे थे जिसमें वह शाहिद कपूर को लीड रोल के लिए कास्ट करने वाले थे लेकिन अभिनेता के साथ क्रिएटीव मतभेदों के चलते शाहिद ने इस फ़िल्म से बाहर होने का फ़ैसला किया । इसके बाद डायरेक्टर अनीस बज्मी ने इस फ़िल्म को फ़िलहाल के लिए होल्ड पर डाल दिया और कार्तिक आर्यन के साथ भूल भूलैया के तीसरे पार्ट भूल भूलैया 3 की तैयारी में जुट गए हैं ।

कार्तिक आर्यन के साथ भूल भूलैया 3 बनाने में जुटे अनीस बज्मी
अनीस बज्मी से जुड़े करीबी सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को इस बारें में बताया, “अनीस बज़्मी और उनकी टीम फिलहाल भूल भुलैया 3 की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं और फरवरी 2024 में फिल्म को फ्लोर पर ले जाने के लिए तैयार हैं । फिल्म को अक्षय कुमार की हाउसफुल 5 के साथ दिवाली 2024 वीकेंड में रिलीज करने का लक्ष्य है ।”
भूल भुलैया 3 भूषण कुमार द्वारा निर्मित है और इस फ़िल्म में एक बार फ़िर रूह बाबा के रूप में कार्तिक आर्यन नजर आएंगे । “यह एक कल्ट कॉमेडी फ्रैंचाइज़ है । कार्तिक और अनीस बज़्मी ने भूल भुलैया 2 जैसी हिट फ़िल्म दी और तीसरे पार्ट के लिए लेवल हाई कर दिया है । दोनों एक बार फ़िर तीसरे पार्ट के लिए साथ काम करने के लिए उत्साहित हैं । पिछले 10 दिनों से दोनों अपनी हॉरर कॉमेडी फ़िल्म को नेक्स्ट लेवल पर ले जाने के लिए कई मीटिंग्स कर चुके हैं ।” सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया ।
भूल भुलैया 3 के अलावा, अनीस बज़्मी एक कॉमिक फिल्म के लिए वरुण धवन से भी बात कर रहे हैं, जो 2024 की दूसरी छमाही में शुरू होगी ।
















