बॉलीवुड अभिनेता विजय राज को एक महिला से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ़्तार किया गया । विजय राज पर उनकी को-एक्ट्रेस ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया जिसके बाद महाराष्ट्र की गोंदिया पु्लिस ने उन्हें गिरफ़्तार किया । विजय राज के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 (स्त्री की लज्जा भंग करना) के तहत केस दर्ज किया गया है । हालांकि बाद में उन्हें मंगलवार को एक स्थानीय अदालत ने जमानत पर छोड़ दिया ।

विजय राज पर लगा छेड़खानी का आरोप
खबरों की मानें तो, विजय की गिरफ्तारी महाराष्ट्र के गोंदिया में एक होटल से हुई है । इस बात की पुष्टि गोंदिया के अडिशनल एसपी अतुल कुलकर्णी ने की है । एसपी ने बताया कि विजय के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है ।
बताया जा रहा है कि विजय अपनी टीम के साथ बालाघाट में थे, जहां वो अपनी अगली फिल्म शेरनी की शूटिंग के लिए पहुंचे थे । शूट के लिए पूरी टीम विदर्भ के गोंदिया इलाके में आई थी और सभी कलाकार यहीं के एक होटल में रुके थे । आरोप है कि ऐक्टर ने यहीं पर एक महिला कलाकार के साथ छेड़छाड़ की है ।
विजय की गिरफ्तारी के बाद फिल्म की शूटिंग को रोक दिया गया । सोमवार देर रात महिला की शिकायत पर रामनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज हुआ । पुलिस ने मंगलवार सुबह अभिनेता को होटल से गिरफ्तार किया ।
विजय के वर्क फ़्रंट की बात करें तो उन्होंने धमाल, वेलकम, दीवाने हुए पागल, रघु रोमियो, मुंबई टू गोवा और गली बॉय जैसी कई फ़िल्मों में अभिनय किया है । इसके अलावा उन्होंने कई वेब सीरिज भी की हैं ।
















