अभिषेक बनर्जी जहां एक तरफ़ अपनी एक साथ रिलीज हुई दो फ़िल्मों स्त्री 2 और वेदा को लेकर चर्चा में है वहीं एक विवाद के कारण भी वह हेडलाइन में आ गए हैं । हाल ही में अभिषेक बनर्जी ने फिल्म अग्निपथ से बाहर निकाले जाने के 13 साल बाद एक हैरान कर देने वाला खुलासा किया । हालाँकि अभिषेक बनर्जी के इस खुलासे को ग़लत तरह से लिया गया है साथ ही धर्मा प्रोडक्शंस और उनकी कास्टिंग एजेंसी के बीच गलतफहमी पैदा कर दी है, इसलिए अब उन्होंने इस पर अपना पक्ष रखा है ।

अभिषेक बनर्जी ने अग्निपथ से बाहर निकाले जाने के 13 साल बाद किए खुलासे से उनके और  धर्मा प्रोडक्शंस के बीच पैदा हुई गलतफहमी को किया दूर ; रखा अपना पक्ष

अभिषेक बनर्जी ने दूर की  गलतफहमी

अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखते हुए कहा- इस सप्ताह मुझे दो रिलीज़ और एक विवाद का सौभाग्य मिला है -

मैं अग्निपथ (2012) की कास्टिंग प्रक्रिया के दौरान धर्मा प्रोडक्शंस द्वारा कथित तौर पर मेरी कंपनी कास्टिंग बे को निकाल देने के बारे में बहुत सी रिपोर्टें पढ़ और सुन रहा हूं । दुर्भाग्य से, इस स्थिति को हमारी ओर से आरोप-प्रत्यारोप के रूप में पूरी तरह से गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है । एक पॉडकास्ट/इंटरव्यू में, मैंने प्रोजेक्ट्स से अपनी बर्खास्तगी का कारण बताया था, यह स्वीकार करते हुए कि हम अग्निपथ के लिए निर्देशक करण मल्होत्रा के दृष्टिकोण के साथ तालमेल बिठाने में असमर्थ थे । मैंने इस बात पर भी ज़ोर दिया कि अनमोल और मैं उस समय काफी युवा थे, लगभग 20 से 23 साल के, हमारे पास एक प्रमुख कमर्शियल फिल्म के लिए कास्टिंग का बहुत कम या कोई अनुभव नहीं था, जिसके कारण शायद हमने इस प्रोजेक्ट के लिए करण मल्होत्रा की आवश्यकताओं की गलत व्याख्या की।

मैंने धर्मा प्रोडक्शंस की ओर से कोई गलत काम करने का आरोप या सुझाव नहीं दिया है । दरअसल, धर्मा प्रोडक्शंस और करण जौहर के प्रति मेरे मन में गहरा सम्मान है। मैंने हमारी बर्खास्तगी के संबंध में कभी भी करण जौहर का उल्लेख नहीं किया, फिर भी कुछ रिपोर्टों में झूठा दावा किया गया है कि उन्होंने ही हमें नौकरी से निकाला था । निर्णय वास्तव में मल्होत्रा की टीम द्वारा किया गया था, और मैंने अपनी गलतियों को स्वीकार किया । मैंने यह बात युवाओं को प्रोत्साहित करने के लिए साझा की है कि भले ही आप असफल हों या किसी बाधा का सामना करें, आप हमेशा वापसी कर सकते हैं, जैसा कि हमने किया । हमने धर्मा के साथ कई प्रोजेक्ट्स पर काम किया, जिनमें ओके जानू, स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2, कलंक और हाल ही में रिलीज़ हुई फिल्में जैसे - किल और वेब सिरीज़ ग्यारह ग्यारह शामिल हैं । इसके अलावा, धर्मा ने मुझे अजीब दास्तां में एक अभिनेता के रूप में भी कास्ट किया ।

धर्मा हमेशा मेरे और मेरी कंपनी कास्टिंग बे के लिए बहुत अच्छा रहा है। यह एक ऐसा रिश्ता है जिसे हम महत्व देते हैं और पोषित करते हैं।

P.S: मैने यह बयान तोहफे पाने के लिए नही दिया है ।

अभिषेक बनर्जी