सितारे ज़मीन पर  की सफलता के बाद अब आमिर खान जल्द ही एक और फिल्म में नज़र आएंगे — लेकिन इस बार वह खुद लीड रोल में नहीं होंगे, बल्कि दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार रजनीकांत के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए नज़र आयेंगे  । आमिर खान, रजनीकांत के साथ उनकी आगामी फ़िल्म कुली में कैमियो करते हुए नजर आने वाले हैं । आमिर ने कुली में अपने कैमियो को लेकर खुलासा किया कि, उनका किरदार छोटा जरूर है लेकिन कहानी में बहुत अहम है ।

रजनीकांत की एक्शन थ्रिलर कुली में आमिर खान देंगे कहानी को नया मोड़ ; इसलिए कैमियो के लिए हुए तुरंत राजी

रजनीकांत के साथ आमिर खान का कैमियो

आमिर खान ने इस एक्सक्लूसिव बातचीत में बताया, “यह एक तमिल एक्शन थ्रिलर है, जिसे लोकेश कनगराज डायरेक्ट कर रहे हैं। मेरा किरदार एक कैमियो है, लेकिन कहानी में वह एक अहम मोड़ पर आता है। अभी मैं इसके बारे में ज़्यादा नहीं बता सकता, लेकिन ये फिल्म मेरे लिए खास है।”

आमिर ने इस मौके पर रजनीकांत के लिए अपने प्यार और सम्मान का भी इज़हार किया।
“ये एक छोटा किरदार है, लेकिन अहम है। जब लोकेश ने मुझसे संपर्क किया और बताया कि ये रजनी सर की फिल्म है, तो मैंने बिना देर किए हां कह दी। मैं रजनी सर का बहुत बड़ा फैन हूं। जैसे ही सुना कि ये उनकी फिल्म है, मैंने तुरंत कहा – मैं कर रहा हूं।”

इतना ही नहीं, आमिर ने 1990 के दशक की शुरुआत का एक पुराना किस्सा भी साझा किया, जब उन्होंने पहली बार रजनीकांत के साथ काम किया था। “करीब 30–32 साल पहले मैंने रजनी सर के साथ आतंक ही आतंक नाम की फिल्म में काम किया था। वो द गॉडफादर की हिंदी रीमेक जैसा कुछ था... लेकिन वो फिल्म ज़्यादा चली नहीं। तब मैं अपने करियर की शुरुआत में था।”

इस बहुप्रतीक्षित तमिल एक्शन फिल्म को लेकर दर्शकों में पहले से ही उत्साह है, और अब आमिर खान की एंट्री ने उस उत्साह को और बढ़ा दिया है। लोकेश कनगराज, जिनकी पहचान कैथी, मास्टर और विक्रम जैसी सुपरहिट फिल्मों से है, इस फिल्म को लेकर पहले ही सुर्खियों में हैं।

हालांकि फिल्म की रिलीज़ डेट को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन इस ऐतिहासिक जोड़ी की वापसी को लेकर दर्शकों में जबरदस्त बेसब्री है।