आमिर खान प्रोडक्शंस की बहुप्रतीक्षित रोमांटिक ड्रामा फिल्म मेरे राहो की रिलीज डेट फाइनल हो गई है। फिल्म 12 दिसंबर 2025 को थिएटर्स में दस्तक देगी। इस फिल्म में आमिर खान के बेटे जुनैद खान और साउथ की मशहूर अदाकारा साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है जबकि इसे मंसूर खान और आमिर खान ने प्रोड्यूस किया है।

आमिर खान प्रोडक्शंस की जुनैद खान और साई पल्लवी स्टारर मेरे राहो 12 दिसंबर को होगी रिलीज

जुनैद खान और साई पल्लवी की मेरे राहो

पहले फिल्म को लेकर कयास लगाए जा रहे थे कि इसका टाइटल एक दिन होगा और यह 7 नवंबर 2025 को रिलीज हो सकती है। उस समय चर्चा थी कि यह फिल्म अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा की डेब्यू फिल्म इक्कीस से टकराएगी। लेकिन अब आधिकारिक घोषणा के साथ सभी अटकलों पर विराम लग गया है।

मेरे राहो की कहानी खूबसूरत जापानी विंटर्स की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें दर्शकों को जापान के मशहूर साप्पोरो स्नो फेस्टिवल की झलक भी देखने को मिलेगी। फिल्म की शूटिंग 2024 की शुरुआत में जापान में हुई थी। शूटिंग के दौरान टीम को अचानक भारी बर्फबारी के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा, लेकिन कड़ी मेहनत और लगन के बाद प्रोजेक्ट ने रफ्तार पकड़ी और अब यह रिलीज के लिए तैयार है।

जुनैद खान के लिए यह फिल्म उनके करियर का तीसरा प्रोजेक्ट और दूसरा थिएटरिकल रिलीज होगा। उन्होंने यशराज फिल्म्स की महाराज से ओटीटी डेब्यू किया था, जिसे अच्छी प्रतिक्रिया मिली। इसके बाद उनकी पहली बिग-स्क्रीन रिलीज लवयापा उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाई। ऐसे में मेरे राहो से उन्हें दर्शकों के बीच अपनी नई पहचान बनाने का मौका मिलेगा। वहीं, साई पल्लवी जैसी टैलेंटेड और लोकप्रिय अभिनेत्री की मौजूदगी से फिल्म की क्रिएटिव अपील और बढ़ जाती है।

फिल्म की रिलीज डेट इसे कड़ी टक्कर वाले दिसंबर विंडो में लाती है। यह फिल्म रणवीर सिंह की धुरंधर और विशाल भारद्वाज की शाहिद कपूर-तृप्ति डिमरी स्टारर फिल्म के ठीक एक हफ्ते बाद सिनेमाघरों में आएगी।