आमिर खान और साउथ के मशहूर डायरेक्टर लोकेश कनगराज एक सुपरहीरो फ़िल्म की तैयारी कर रहे थे जिसे लेकर फैंस काफ़ी उत्साहित थे । आमिर खान ने भी अपनी फिल्म सितारे ज़मीन पर के प्रमोशन के दौरान कन्फर्म किया था कि वे लोकेश कनगराज के साथ एक सुपरहीरो फिल्म करने जा रहे हैं। इसलिए आमिर ने लोकेश कनगराज की रजनीकांत स्टारर कुली में कैमियो किया था जिसे रजनीकांत के लिए गुडविल जेस्चर माना गया था। वहीं अब बॉलीवुड हंगामा को पता चला है कि लोकेश कनगराज के साथ आमिर खान की सुपरहीरो फिल्म शुरू होने से पहले ही बंद हो गई है ।

आमिर खान की सुपरहीरो फ़िल्म नहीं बन पाएगी
बॉलीवुड हंगामा की एक्सक्लूसिव रिपोर्ट के मुताबिक, यह फिल्म शेल्व कर दी गई है। अंदरूनी सूत्रों ने खुलासा किया है कि आमिर खान और लोकेश कनगराज ने इस प्रोजेक्ट से अलग होने का फैसला ले लिया है । एक सूत्र ने बताया, “आमिर और लोकेश की सोच में फर्क सामने आया। आमिर खान चाहते थे कि फिल्म की पूरी स्क्रिप्ट पहले से लॉक हो, जबकि लोकेश शूटिंग के दौरान राइटिंग और इम्प्रोवाइजेशन के जरिए कहानी को आगे बढ़ाना पसंद करते हैं। इसी क्रिएटिव डिफरेंस की वजह से प्रोजेक्ट को रोकना पड़ा ।”
सूत्र ने आगे कहा, “आमिर खान चाहते थे कि लोकेश पूरी तरह इस सुपरहीरो फिल्म पर फोकस करें, क्योंकि इसमें भारतीय सिनेमा को नए स्तर तक ले जाने की क्षमता थी। लेकिन लोकेश अपने प्रोसेस के साथ आगे बढ़ना चाहते थे। आखिरकार दोनों ने आपसी सहमति से अलग होने का फैसला किया और भविष्य में साथ काम करने की उम्मीद जताई ।”
फिलहाल, इस वजह से आमिर खान की सुपरहीरो फिल्म रुक गई है। अब आमिर अपने अगले प्रोजेक्ट की तलाश में हैं। वहीं, लोकेश कनगराज अपनी नई गैंगस्टर फिल्म पर काम शुरू करने वाले हैं, जिसमें साउथ इंडस्ट्री के दो दिग्गज, रजनीकांत और कमल हासन मुख्य भूमिका निभाएंगे।
















