अभिनेता तेजा सज्जा की फिल्म हनु मान एक सीमित बजट में बनी पौराणिक कथाओं से जुड़ी सुपरहीरो फिल्म थी, जिसने कमाई के मामले में कई रिकॉर्ड बनाए । और अब एक बार फिर तेजा सज्जा माइथोलॉजी से जुड़ी एक्शन-एडवेंचर फिल्म मिराई में लीड रोल में नजर आने वाले हैं जिसका ट्रेलर एक ग्रैंड इवेंट में लॉन्च किया गया । पैन-इंडिया स्पेक्टेकल मिराई को लेकर जब तेजा सज्जा से पूछा गया कि उनकी फ़िल्मों में धार्मिक तत्व बार-बार क्यों नज़र आते हैं ? इस पर तेजा ने सटीक जवाब दिया ।

तेजा सज्जा की मिराई में फैंटेसी, एक्शन एडवेंचर सब कुछ है
तेजा सज्जा ने कहा, “जब वही प्रेम कहानी बार-बार बनाई जाती है तो कोई सवाल नहीं करता, लेकिन जैसे ही हम अपने धर्म से प्रेरित कहानी कहने की कोशिश करते हैं, लोग शक जताने लगते हैं। हमें गर्व होना चाहिए । यह हमारी धरती है, यही हमारे संस्कार हैं। ट्रेलर के 3 मिनट 10 सेकंड में केवल 10 सेकंड भगवान राम की एक झलक दिखाई गई है, और उसी पर धर्म का सवाल उठ रहा है। यह फ़िल्म सिर्फ़ उसी के बारे में नहीं है । यह फैंटेसी, एक्शन, एडवेंचर, सुपरहीरो स्टोरीटेलिंग और गहरी भावनाओं का संगम है। हम इन सबको भारतीय इतिहास की नज़र से एक नए और आकर्षक तरीके से पेश कर रहे हैं, ताकि नई पीढ़ी इससे जुड़ सके और इसे आत्मसात कर सके।”
इतिहास को विस्फोटक एक्शन के साथ मिलाते हुए, मिराई एक ऐसा सिनेमाई अनुभव देने का वादा करती है जैसा पहले कभी नहीं देखा गया। मनोज मंजू, जगपति बाबू, जयराम, श्रिया सरन और रितिका नायक जैसे शानदार कलाकारों से सजी यह फ़िल्म, गौरा हरी के बिजली जैसे संगीत और तकनीकी सीमाओं को लांघते विजुअल्स के कारण और भी दमदार बनती है।
तेजा सज्जा के करिश्माई स्क्रीन प्रेज़ेन्स, कार्तिक घट्टमनेनी की विज़नरी स्टोरीटेलिंग और धर्मा प्रोडक्शंस के उत्तर भारतीय बाज़ार में मज़बूत सहयोग से सशक्त, मिराई 12 सितंबर 2025 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दहाड़ मचाने आ रही है, भारतीय सिनेमा के पैमाने और परिभाषा को एक नई ऊँचाई देने के लिए।
















