शिक्षक दिवस के मौके पर अभिनेत्री तान्या माणिकतला ने अपने मेंटर और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर फिल्ममेकर मीरा नायर को याद किया। तान्या ने अपनी कृतज्ञता जताई कि उन्हें मीरा नायर ने अ सूटेबल बॉय में लता मेहरा का किरदार निभाने का मौका दिया, जो 2020 में बीबीसी पर प्रसारित हुआ था।

तान्या माणिकतला मीरा नायर को मानती हैं अपना मेंटर
यह ब्रिटिश टीवी ड्रामा तान्या के करियर का अहम मोड़ साबित हुआ, जिसने उन्हें न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में पहचान दिलाई। तान्या ने इस सफर को याद करते हुए कहा कि मीरा नायर के निर्देशन में काम करना उनके लिए जिंदगी का सबसे खास अनुभव था, जिसने उन्हें बतौर कलाकार गढ़ा।
तान्या ने कहा, “शिक्षक दिवस पर मैं उस इंसान को याद किए बिना नहीं रह सकती, जिसने मुझे जिंदगी का सबसे खूबसूरत सबक दिया – मीरा दी। उन्होंने मुझे सिर्फ लता मेहरा ही नहीं सौंपी, बल्कि मुझ पर एक परफॉर्मर, सिनेमा की छात्रा और एक इंसान के तौर पर भरोसा किया। मीरा दी के साथ काम करना ऐसा था जैसे दुनिया के सबसे बेहतरीन एक्टिंग स्कूल में पढ़ाई करना। उनसे मैंने सीखा किरदार को पूरी तरह से जीना, खामोशियों पर भरोसा करना और छोटी-छोटी बातों में भी सच्चाई ढूंढना। मीरा दी ने मुझे मेरी उड़ान और मेरी आवाज़ दी, जिसके लिए मैं हमेशा उनकी आभारी रहूँगी। उस अनुभव ने मुझे सिर्फ ग्लोबल पहचान ही नहीं दी बल्कि अपने काम के प्रति गहरी ज़िम्मेदारी भी सिखाई। धन्यवाद मीरा दी, मुझे लता के रूप में देखने के लिए और मुझ पर भरोसा करने के लिए, जब शायद मैं खुद पर भरोसा नहीं करती थी। आप हमेशा मेरी सबसे बड़ी गुरु रहेंगी।”
तान्या ने इस मौके पर न सिर्फ अपनी अभिनय यात्रा का जश्न मनाया बल्कि एक गुरु और शिष्य के रिश्ते की अहमियत को भी रेखांकित किया, जो जीवन और करियर पर अमिट छाप छोड़ते हैं।
















