अभिनेत्री इलियाना डिक्रूज़, जो अब दो बच्चों की माँ हैं, पहली बार अपनी प्रेग्नेंसी और मदरहुड की जर्नी फ़्रीडम टू फ़ीड पर साझा करेंगी। यह पहल अभिनेत्री नेहा धूपिया ने शुरू की थी। इलियाना, जिन्होंने हमेशा अपनी निजी ज़िंदगी को बहुत संभालकर रखा है, अब 30 अगस्त को नेहा के साथ एक लाइव सेशन में खुलकर अपनी मुश्किलों, खुशियों और अनुभवों के बारे में बात करेंगी।

नेहा धूपिया के शो में इलियाना डिक्रूज़
फ़्रीडम टू फ़ीड एक मज़बूत कम्युनिटी प्लेटफ़ॉर्म बन चुका है, जहाँ माताओं को प्रेग्नेंसी, स्तनपान, मानसिक स्वास्थ्य और मदरहुड से जुड़ी भावनाओं पर खुलकर बात करने का सुरक्षित माहौल मिलता है। पिछले सालों में बिपाशा बसु, राधिका आप्टे, युविका चौधरी, सोहा अली खान और सोनाली सैगल जैसी कई सेलिब्रिटी माएँ इस पहल से जुड़ चुकी हैं, जिससे यह महिलाओं को अपनी कहानियाँ खुलकर साझा करने के लिए प्रेरित करने वाली एक बड़ी मुहिम बन गई है।
इलियाना के जुड़ने पर नेहा धूपिया ने कहा, “इलियाना का हमारे प्लेटफ़ॉर्म पर पहली बार अपनी प्रेग्नेंसी जर्नी साझा करना मेरे लिए और पूरे फ़्रीडम टू फ़ीड समुदाय के लिए बहुत मायने रखता है। इस पहल की शुरुआत का मक़सद ही यही था कि माएँ बिना किसी झिझक अपनी कहानियाँ, डर और जीत सब साझा कर सकें। हर सफर अलग होता है, और इलियाना की कहानी कई महिलाओं के लिए हिम्मत, जुड़ाव और भरोसे का स्रोत बनेगी।”
यह खास लाइव सेशन बेहद भावुक और प्रेरणादायक होने वाला है, जो माताओं और उनके चाहने वालों को इलियाना की अनसुनी कहानी और उनके मदरहुड अनुभव की झलक देगा।
















