शाहरुख खान की कमबैक फ़िल्म पठान ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी सफलता से इतिहास रच दिया और यह हिंदी सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फ़िल्म बनकर उभरी । आदित्य चोपड़ा द्वारा निर्मित और सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित यशराज फिल्म्स की पठान अब एक और इतिहास रचने जा रही है । ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर 1050 करोड़ रू की कमाई कराने वाली पठान अब बांग्लादेश में रिलीज़ होने वाली पहली हिंदी फ़िल्म बनने जा रही है । शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम की पठान बांग्लादेश में 12 मई को रिलीज होने वाली है ।

बांग्लादेश में रिलीज होगी शाहरुख खान की पठान
साल 1971 के बाद पठान पहली हिंदी फिल्म है, जो बांग्लादेश में रिलीज़ की जा रही है । आजाद होने के बाद से ही बांग्लादेश की सरकार ने वहां स्थानीय फिल्म उद्योग को बचाने के लिए हिंदी फिल्मों की रिलीज पर बैन लगा दिया था । लेकिन फिर ये बैन हटा लिया गया था और सलमान खान की फिल्म वांटेड दशकों बाद बांग्लादेश में रिलीज होने वाली पहली बॉलीवुड फिल्म बनी थी, लेकिन फिल्म का वहां के कलाकारों ने विरोध जताया, जिसके चलते और अन्य कोई फिल्म रिलीज नहीं हो पाई ।
वाईआरएफ के इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन के वाइस प्रेसिडेंट नेल्सन डिसूजा ने कहा है, “सिनेमा हमेशा देश, रेस और कल्चर के बीच एक जोड़ने वाली ताकत की तरह रहा है । यह सीमाओं को पार करता है, लोगों को प्रेरित करता है और लोगों को एक साथ लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है । हम अविश्वसनीय रूप से रोमांचित हैं कि पठान, जिसने दुनिया भर में रिकॉर्डतोड़ व्यवसाय किया है, को अब बांग्लादेश में दर्शकों का मनोरंजन करने का मौका मिलेगा ।”
उन्होंने आगे कहा, “साल 1971 के बाद पठान पहली हिंदी फिल्म है, जो बांग्लादेश में रिलीज़ की जा रही है । यशराज फिल्म्स ने बांग्लादेश के अथॉरिटीज़ का फिल्म की रिलीज़ के लिए शुक्रिया अदा किया है । बांग्लादेश में शाहरुख खान को चाहने वालों की संख्या बहुत है ।”
पठान यशराज फिल्म्स के स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है । पठान के बाद अब सलमान खान की स्पाई थ्रिलर टाइगर 3 रिलीज होने वाली है । इस फ़िल्म में सलमान के साथ शाहरुख भी पठान के रूप में स्पेशल एंट्री लेंगे ।
















