
बेहद प्रतिभाशाली विद्या बालन ने इस बार कुछ अलग हटकर रोल चुनने का फ़ैसला किया और इसलिए उन्होंने आगामी कॉमेडी फ़िल्म तुम्हारी सुलु को चुना, जिसमें वह आरजे की भूमिका में नजर आने वाली हैं । इस फ़िल्म में कई सारे नाम जोड़े गए और अब एक और नाम सामने आया है जो इस फ़िल्म में नजर आएगा, और वो है सबकी चहेती आरजे मलिश्का ।
रेडियो जॉकी के रूप मे खासी लोकप्रिय मलिश्का ने कई सारे सेलिब्रिटी शो और इवेंट्स होस्ट किए हैं । और अब पहली बार मलिश्का एक्टिंग में अपना हाथ आजमा रही हैं और विद्या बालन की फ़िल्म तुम्हारी सुलु के साथ अपना बॉलीवुड डेब्यू कर रही हैं । दिलचस्प बात ये है कि अपनी असल प्रोफ़ेशनल जिंदगी की तरह फ़िल्म में भी मलिश्का आरजे के तौर पर ही नजर आएंगी ।
बहुत कम लोग जानते हैं कि विद्या और मलिश्का फ़िल्मों से पहले रेडियो फ़ेम रह चुकी हैं । असल में विद्या को राजकुमार हिरानी की फ़िल्म लगे रहो मुन्नाभाई में रेडियो जॉकी का किरदार अदा करने के लिए मलिश्का ने ही प्रशिक्षित किया था ।
इस बारें में बात करते हुए मलिश्का ने कहा कि,'' मैं पहली बार सेंट जेवियर कॉलेज में विद्या से मिली, जब मैं डूबने के कगार पर थी तब वह मल्हार बनकर मेरे लिए आईं । मेरे पास उनके साथ कई अच्छी यादें हैं और वह उन सब लोगों में सबसे अच्छी और प्यारी हैं जिनसे मैं अब तक मिली हूं । जब मैं विज्ञापन की शूटिंग कर रही थी उस दौरान मैं कई बार उनसे टकराई और तब तक मैं यह तय नहीं कर पा रही थी कि मैं मीडिया का कौनसे हिस्से में शामिल होना चाह रही थी ।"
"कैसे जीवन का चक्र घूमता है यह अविश्वसनीय है । विद्या और मैं एक दूसरे के जीवन में वापस आ गए हैं । मुझे इस खूबसूरत मजेदार फिल्म का एक हिस्सा बनने के लिए अतुल (कसबेकर) और तनुज (गर्ग) से फ़ोन आया और ये सुनकर मैं बहुत खुश हुईं । मैं सिनेमा के साथ जिंदगीभर के लिए जुड़ना चाहती हूं क्योंकि मैं कलाकार हूं । मैं हमेशा से ही एक्टिंग करना चाहती थी । एक बेहतरीन कलाकार के साथ काम करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है । मैं धूम मचाने के लिए इंतजार नहीं कर सकती ।” उन्होंने कहा ।
टी-सीरीज़ और एलीपस एंटरटेनमेंट के बैनर के तहत प्रोड्यूस्ड फ़िल्म तुम्हारी सुलु में विद्या बालन लेट नाइट आरजे का किरदार निभा रही है । इस फ़िल्म में थिएटर आर्टिस्ट मानव कौल विद्या के पति का किरदार निभाते हुए नजर आएंगे । और नेहा धूपिया उस रेडियो स्टेशन की बॉस मारिया का किरदार अदा कर रही हैं जिसमें विद्या आरजे हैं । मजेदार और एक अलग शैली की इस फ़िल्म को सुरेश त्रिवेणी निर्देशित कर रहे हैं ।
भूषण कुमार, तनुज गर्ग, अतुल कस्बेकर और शांति सिवाराम मैनी द्दारा प्रोड्यूस्ड फ़िल्म तुम्हारी सुल्लु 1 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी ।
















