
बेहद प्रतिभाशाली अभिनेत्री नीना गुप्ता, जो गांधी और खलनायक जैसी फ़िल्मों में नजर आईं थी, को फ़िल्ममेकर अनुभव सिन्हा की अगली फ़िल्म मुल्क, जिसे बनारस मीडिया वर्क्स द्दारा प्रोड्यूस किया जा रहा है, के लिए चुनी गई हैं ।
यह सुनने में आ रहा है कि नीना गुप्ता इस फ़िल्म में ॠषि कपूर की पत्नी का किरदार अदा करेंगी और उन्होंने इसके लिए पहले से ही तैयारी शुरू कर दी है । ऐसा पहली बार होगा जब नीना गुप्ता और ॠषि कपूर एक साथ एक फ़िल्म में नजर आएंगे ।
कुछ महीने पहले नीना गुप्ता ने सोशल मीडिया पर काम की मांग करते हुए अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर पोस्ट की और लिखा, 'मैं मुंबई में रहती हूं, काम करती हूं और एक अच्छी अदाकारा हूं । मैं एक बढ़िया किरदार की तलाश में हूं ।' एक आत्मनिर्भर राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता अभिनेत्री, लेखक और निर्देशक नीना गुप्ता की इस पोस्ट के बाद प्रियंका चोपड़ा सहित कई हस्तियों ने उनके इस कदम को प्रेरित करने वाला बताया ।
नीना गुप्ता ने इस बारें में कहा कि, ‘‘अनुभव से मेरी मुलाकात ऐसे समय हुई, जब मैं अच्छा काम पाने के लिए बेताब थी । मैं जिस वक्त आंतरिक उथल पुथल से गुजर रही थी, ऐसे समय में उनका यह प्रस्ताव मिलना मेरे लिए अहम है । ‘मुल्क’ एक अभूतपूर्व फिल्म है और मैं इस प्रयोगात्मक फिल्म का एक हिस्सा बनने को लेकर काफी उत्साहित हूं ।’’
इस बारें में निर्देशक और निर्माता अनुभव सिन्हा कहते हैं कि, ''मैं हमेशा से ही नीना गुप्ता के काम का कायल रहा हूं । वे इस रोल के लिए एकदम फिट हैं । मैंने इंस्टाग्राम पर उनकी पोस्ट देखी और तुरंत उन्हें फोन कर दिया । फिल्म इंडस्ट्री में कुछ लोग समय से परे हैं, और उनमें एक नाम उनका भी आता है ।”
एक सोशल थ्रिलर फ़िल्म मुल्क असल जिंदगी की घटनाओं पर बेस्ड है । इस फ़िल्म की शूटिंग अक्टूबर से शुरू होगी । इस फ़िल्म में ॠषि कपूर, तापसी पन्नू, प्रतीक बब्बर और रजत कपूर अहम भूमिका में नजर आएंगे । इस फ़िल्म को वाराणसी और लखनऊ में बड़े पैमाने पर शूट किया जाएगा और यह अगले साल की शुरूआत में रिलीज होगी । पटकथा लेखक-निर्माता मुश्ताक शेख मुल्क के सहयोगी निर्माता होंगे । फिल्म की कहानी एक संयुक्त परिवार की कहानी के आसपास घूमती है जो भारत के एक छोटे से शहर से है, जो एक विवाद में उलझे होने के बाद अपने सम्मान को पुनः प्राप्त करने के लिए लड़ता है ।
















