दिल्‍ली के रामलीला मैदान में हर साल होने वाली यूनेस्को-मान्यता प्राप्त लव-कुश रामलीला इस बार विवादों में आ गई है । और इसका कारण हैं मॉडल एक्ट्रेस पूनम पांडे । दरअसल पूनम पांडे पुरानी दिल्ली में होने वाली रामलीला में रावण की पत्नी मंदोदरी का किरदार निभाने वाली हैं लेकिन अपने विवादित बयानों और सुपरसेक्सी इमेज के कारण पूनम पांडे का विरोध किया जा रहा है । रामलीला कमेटी में भी पूनम पांडे की कास्टिंग को लेकर मतभेद है । लेकिन पूनम पांडे इस रोल के लिए बहुत उत्साहित हैं ।

पूनम पांडे के ‘मंदोदरी’ बनने पर हुआ विवाद ; विश्व हिंदू परिषद ने जताई आपत्ति ; एक्ट्रेस ने रोल मिलने पर खुशी जताते हुए कहा- “तन-मन की शुद्धि के लिए रखूंगी नवरात्र व्रत”

पूनम पांडे के कारण विवादों में आई लव कुश रामलीला

पूनम पांडे अपने विवादित बयानों और कामुक स्टंट्स के लिए जानी जाती हैं। कभी भारतीय क्रिकेट टीम के लिए कपड़े उतारने का वादा करके सुर्खियों में आईं, तो पिछले साल झूठा दावा कर दिया था कि उन्हें सर्वाइकल कैंसर है । ऐसे में धार्मिक महाकाव्य रामायण की एक अहम और आदर्श चरित्र को निभाने के लिए उनके चयन पर सवाल उठने लगे हैं।

लेकिन पूनम पांडे इस रोल को पाकर बहुत उत्साहित हैं । पूनम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया और बताया कि वो इस किरदार के लिए चुने जाने पर कितनी खुश है । वो इस किरदार को निभाने में अपनी जान डाल देंगी और पूरी श्रद्धा से इसे निभाएंगी । वीडियो शेयर कर पूनम ने कहा- “दिल्ली के लाल किला में वर्ल्ड फेमस लव-कुश रामलीला में मुझे मंदोदरी का किरदार निभाने का मौका मिला है । ये बहुत ही जरूरी किरदार है । ये रावण की पत्नी थीं मैं बहुत ही ज्यादा खुश हूं कि मुझे ये अहम रोल निभाने का मौका मिला ।इसलिए मैंने तय किया है कि मैं पूरे नवरात्र का व्रत रखूंगी, ताकि मैं अपने पूरे तन और मन से साफ रहूं ।और इस खूबसूरती से किरदार को निभा सकूं । जय श्री राम, मिलते हैं रामलीला में ।”

विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने इस फैसले का कड़ा विरोध जताया है। संगठन के दिल्ली प्रांत मंत्री सुरेंद्र गुप्ता ने आयोजकों को लिखे पत्र में कहा, “रामलीला के लिए कलाकारों का चयन केवल अभिनय क्षमता के आधार पर नहीं होना चाहिए, बल्कि सांस्कृतिक उपयुक्तता और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ध्यान में रखकर होना चाहिए। मंदोदरी रामायण की अत्यंत महत्वपूर्ण पात्र हैं, जिन्हें आदर्श पत्नी, मर्यादा, गरिमा और संयम का प्रतीक माना जाता है। ऐसे में इस किरदार को निभाने वाली अभिनेत्री का चयन भी इन्हीं आदर्शों को ध्यान में रखकर होना चाहिए।”

लाल किले की लव कुश रामलीला देश की सबसे प्रतिष्ठित रामलीलाओं में से एक मानी जाती है, जिसे हर साल दशहरे के मौके पर बड़े भव्य रूप में मंचित किया जाता है। इस बार मंदोदरी की भूमिका में पूनम पांडे के चयन ने इस धार्मिक आयोजन को विवादों के घेरे में ला दिया है ।