साउथ एक्टर विजय सेतुपति पर हाल ही में एक महिला ने यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं । राम्या मोहन नाम की एक महिला ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट शेयर कर लिखा था कि, “विजय ने इंडस्ट्री में जहरीले कल्चर को प्रमोट किया । वो ड्रग्स, कास्टिंग काउच, शोषण और सेक्सुअल अब्यूज से जुड़े हैं ।” इस पोस्ट के बाद विजय सेतुपति विवादों में आ गए । हालांकि, महिला ने बाद में अपना ये ट्वीट डिलीट भी कर दिया । लेकिन अब अपने ऊपर लगे इस कास्टिंग काउच के आरोपों को विजय सेतुपति ने बेबुनियाद बताते हुए साफ कहा है कि यह सब उन्हें बदनाम करने की कोशिश है।

यौन शोषण-कास्टिंग काउच के आरोपों को विजय सेतुपति ने बताया झूठा ; “कुछ जलन रखने वाले लोग मुझे बदनाम करना चाहते हैं”

विजय सेतुपति ने आरोपों को बताया झूठ

विजय सेतुपति ने इन गंभीर आरोपों पर चुप्पी तोड़ी और साथ ही यह भी कहा कि उन्होंने इसकी शिकायत साइबर क्राइम डिपार्टमेंट में कर दी है। विजय ने अपनी सफाई में कहा, “आप मुझे सालों से जानते हैं। जो मुझे थोड़ा भी जानता है, वो इस आरोप पर हंसेगा। मैं खुद को जानता हूं और इस तरह के घटिया आरोप मुझे परेशान नहीं कर सकते। आप मुझसे ज़्यादा परेशान लग रहे हैं,” विजय ने कहा।

उन्होंने आगे कहा, “मेरे परिवार और करीबी दोस्तों को भी यह बात बहुत तकलीफ दे रही है, लेकिन मैं यही कहूंगा कि इसे जाने दीजिए। वो महिला सिर्फ ध्यान खींचना चाहती है। उसे कुछ पल की शोहरत चाहिए, तो लेने दीजिए।”

लेकिन क्या विजय इस आरोप को यूं ही जाने देंगे? इस पर उन्होंने साफ कहा, “नहीं, मैं ऐसा नहीं कह रहा। मैं सिर्फ इतना कह रहा हूं कि मैं इसे अपनी शांति भंग नहीं करने दूंगा। पिछले सात सालों में मैंने तमाम तरह के फालतू आरोपों का सामना किया है। लेकिन आज तक कोई असर नहीं पड़ा और आगे भी नहीं पड़ेगा।”

विजय ने इस आरोप के समय पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “सर, टाइमिंग देखिए! मेरी नई फिल्म अच्छा कर रही है। शायद कुछ जलने वाले लोग सोचते हैं कि मुझे बदनाम करके फिल्म को नुकसान पहुंचाया जा सकता है। लेकिन ऐसा नहीं होता। आज के दौर में किसी के पास भी सोशल मीडिया अकाउंट हो और वो कुछ भी लिख सकता है – बिना किसी डर के।”

विजय इस मुद्दे को नज़रअंदाज़ करने के मूड में नहीं हैं, लेकिन परेशान भी नहीं हैं।
“मेरे वकील इस पर काम कर रहे हैं। हमने साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज कर दी है। लेकिन मैं अपनी खुशी को ऐसे किसी झूठे आरोप की वजह से खराब नहीं होने दूंगा,” उन्होंने स्पष्ट किया।