हिंदी सिनेमा के दिग्गज प्रोड्यूसर सलीम अख्तर का निधन हो गया है । सलीम अख्तर ने 8 अप्रैल को मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आखिरी सांस ली । सलीम अख्तर को कई बेहतरीन फ़िल्मों के अलावा रानी मुखर्जी और तमन्ना भाटिया जैसी प्रमुख एक्ट्रेसेस को बॉलीवुड में लॉन्च करने के लिए भी जाना जाता है ।

फ़िल्म प्रोड्यूसर सलीम अख्तर का लंबी बीमारी से निधन ; रानी मुखर्जी और तमन्ना भाटिया को किया था बॉलीवुड में लॉन्च

प्रोड्यूसर सलीम अख्तर का निधन

सलीम अख्तर पिछले कुछ दिनों से कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में एडमिट थे और वेंटिलेटर पर थे । सलीम अख्तर मुख्य रूप से हिंदी सिनेमा में एक्टिव थे । उन्होंने शमा अख्तर से शादी की थी । आज यानी 9 अप्रैल को दोपहर 1.30 बजे जोहर की नमाज के बाद, इरला मस्जिद के पास उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा । दूसरी तरफ उनके निधन की खबर से इंडस्ट्री भी शोक में डूबी है। कई सेलेब्स ने सोशल मीडिया के जरिए सलीम अख्तर के निधन पर शोक व्यक्त किया।

अपने सीधे-सादे और सरल व्यवहार के लिए जाने जाने वाले सलीम अख्तर एक बेहतरीन फिल्म मेकर थे । वो 1980 और 1990 के दशक में काफी एक्टिव रहे । सलीम अख्तर ने अपने प्रोडक्शन हाउस आफताब पिक्चर्स के बैनर तले कई यादगार फिल्मों का निर्माण किया जिनमें कयामत, फूल और अंगारे, बाजी, बादल, इज्जत, लोहा और बंटवारा जैसी फिल्में शामिल हैं।

सलीम अख्तर ने ही अपनी फिल्म से रानी मुखर्जी को भी लॉन्च किया था । उन्होंने राजा की आएगी बारात (1997) में रानी मुखर्जी को ब्रेक दिया, जिसके साथ रानी हिंदी सिनेमा की क्वीन बनकर उभरीं। इसके बाद वह कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा रहीं। रानी ही नहीं, सलीम अख्तर ने तमन्ना भाटिया को भी हिंदी सिनेमा में लॉन्च किया था । तमन्ना सलीम अख्तर के प्रोडक्शन तले बनी चांद सा रोशन चेहरा में नजर आई थीं ।