सलमान खान ने तमाम अड़चनों के बाद फाइनली अपनी मचअवेटेड फिल्म बैटल ऑफ गलवान की शूटिंग शुरू कर दी है । कुछ दिन पहले कुछ खबरों में कहा जा रहा था कि राजनीतिक मुश्किलों के चलते बैटल ऑफ गलवान होल्ड पर चली गई है । लेकिन फिर बैटल ऑफ गलवान के सेट से सलमान खान के फर्स्ट लुक रिवील होने के बाद इन अफवाहों पर विराम लग गया । इसी बीच बॉलीवुड हंगामा को एक्सक्लूसिवली पता चला है कि सलमान खान ने बैटल ऑफ गलवान के लिए भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से खास मुलाकात की थी ।

सलमान खान ने ख़त्म किए बैटल ऑफ गलवान के सारे रोड ब्लॉक्स
सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया कि, “लद्दाख में बैटल ऑफ गलवान की शूटिंग को लेकर कुछ दिक्कतें थीं। फिल्म की टीम चिंतित थी क्योंकि केंद्र शासित प्रदेश में शूटिंग करने का यह सही मौसम है । समय निकलता जा रहा था और तभी सलमान खान ने राजनाथ सिंह से मुलाकात का अनुरोध किया । मंत्री ने तुरंत इस मीटिंग के लिए हामी भर दी।”
सूत्र ने आगे कहा, “मीटिंग काफी सकारात्मक रही। सलमान खान ने राजनाथ सिंह को पूरी स्थिति समझाई, जिस पर राजनाथ सिंह ने आश्वासन दिया कि समस्या जल्द सुलझा ली जाएगी । हालांकि, रक्षा मंत्री ने यह शर्त रखी कि फिल्म में चीन को बदनाम नहीं किया जाएगा । उन्होंने समझाया कि हाल ही में विश्व राजनीति के चलते भारत-चीन संबंधों में सुधार हुआ है और इस समय किसी भी तरह का विवाद नहीं होना चाहिए।”
सूत्र ने आगे बताया, “सलमान खान ने इस शर्त को स्वीकार करते हुए स्पष्ट किया कि बैटल ऑफ गलवान किसी भी तरह से एंटी-चाइना फिल्म नहीं है । उन्होंने कहा कि यह फिल्म भारतीय सेना और हमारे सैनिकों की बहादुरी को सलाम करती है । सलमान ने वादा किया कि यह फिल्म हर भारतीय को गर्व महसूस कराएगी और एक सच्चे भारतीय के तौर पर वे अपनी जिम्मेदारियों को भलीभांति समझते हैं और कभी ऐसा कुछ नहीं करेंगे जिससे हमारे देश के हितों को नुकसान पहुँचे।”
अंत में सूत्र ने बताया, “सलमान की इस प्रतिक्रिया से राजनाथ सिंह बेहद संतुष्ट हुए । दोनों के बीच पहले से ही आपसी सम्मान रहा है और इस मुलाकात ने उस संबंध को और मजबूत बना दिया।”
अब जब अड़चनें दूर हो चुकी हैं, अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बन रही बैटल ऑफ गलवान की शूटिंग तेज़ी से आगे बढ़ रही है। मेकर्स जल्द ही फिल्म की रिलीज़ डेट का आधिकारिक ऐलान करेंगे।
















