
आपकी जानकारी के लिए बता दें की कुछ दिन पहले हमने आपको खबर दी थी कि बहुमुखी प्रतिभा के धनी गायक-अभिनेता आयुष्मान खुराना को फ़िल्ममेकर श्रीराम राघवन की आगामी फ़िल्म के लिए साइन किया गया है । इस फ़िल्म की हीरोइन के लिए दीपिका पादुकोण के नाम को लेकर जबरदस्त अटकलें लगाई जा रहीं थी, हालांकि इस बारें में कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई थी ।
अब फ़िल्म के बारें में लेटेस्ट खबर ये है कि, फ़िल्ममेकर ने इस फ़िल्म की मुख्य अभिनेत्री के तौर पर तब्बू को साइन किया है । यदि तब्बू को इस फ़िल्म के लिए साइन किया गया है तो दीपिका पादुकोण को फ़िल्म में लेने की सभी अटकलों पर विराम लग जाएगा । तब्बू, जो बहुत ही चुनिंदा फ़िल्में करती हैं, पिछली बार, आदित्य रॉय कपूर, कैटरीना कैफ़ अभिनीत फ़िल्म फ़ितूर में नजर आईं थी ।
आपको बता दें कि एक हसीना थी, जोनी गद्दार, एजेंट विनोद और बदलापुर जैसी फ़िल्में बनाने वाले श्रीराम राघवन ने अपनी अगली फ़िल्म के लिए आयुष्मान खुराना और तब्बू की जोड़ी को चुना है । और ये कोई सामान्य बात नहीं है जरूर इसके पीछे फ़िल्म की असामान्य सी कहानी होगी ।
हालांकि, फ़िल्म से जुड़ी सभी जानकारी गुप्त रखी जा रही है लेकिन खबर है कि यह एक थ्रिलर फ़िल्म होगी । इस फ़िल्म की शूटिंग संभवतः कुछ ही हफ़्तों में शुरू हो सकती है ।
















