पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान लंबे अरसे बाद भारतीय फ़िल्म में कमबैक कर रहे हैं । फवाद खान बॉलीवुड एक्ट्रेस वाणी कपूर के साथ फ़िल्म अबीर गुलाल से अपनी वापसी कर रहे हैं । फ़िल्म का टीज़र 1 अप्रैल को रिलीज हुआ था जिसे देखकर उनके फैंस काफ़ी एक्साइटेड हुए । लेकिन अब फवाद खान की भारतीय फ़िल्म रिलीज से पहले ही मुश्किल में घिर गई है । राज ठाकरे महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने फवाद खान की फ़िल्म अबीर गुलाल की रिलीज के खिलाफ आवाज उठाई है ।

वाणी कपूर स्टारर अबीर गुलाल से भारतीय फ़िल्म में वापसी कर रहे पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान के विरोध में आई राज ठाकरे की मनसे ; बोले- “महाराष्ट्र में फिल्म नहीं होने देंगे रिलीज”

फवाद खान की फ़िल्म के ख़िलाफ़ खड़े हुए राज ठाकरे

राज ठाकरे की पार्टी मनसे भारत में अबीर गुलाल की रिलीज का विरोध कर रही है । न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक राज ठाकरे के नेतृत्व वाली मनसे ने बुधवार को कहा कि वह पाकिस्तानी अभिनेता फवाद खान अभिनीत फिल्म अबीर गुलाल की रिलीज का विरोध करेगी । मनसे के प्रवक्ता अमेया खोपकर ने कहा कि वो इस फिल्म की रिलीज के पूरी तरह खिलाफ हैं । रिपोर्ट्स के अनुसार, अमेया ने कहा, “हमें आज ही इस फिल्म की रिलीज के बारे में पता चला, जब मेकर्स ने इसका ऐलान किया । लेकिन हम ये साफ कर देना चाहते हैं कि महाराष्ट्र में हम इस फिल्म को रिलीज नहीं होने देंगे, क्योंकि इसमें पाकिस्तानी एक्टर को दिखाया गया है । किसी भी हालत में ये फिल्म हमारे राज्य में रिलीज नहीं होगी । हम अभी फिल्म को लेकर और जानकारी बटोर रहे हैं और जल्द ही पूरा बयान जारी करेंगे ।”

इसके अलावा अमेय खोपकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बाकायदा एक पोस्ट शेयर किया है और कहा है कि कई बार यह कहने के बावजूद कि पार्टी पाकिस्तानी कलाकारों वाली फिल्मों को भारत में रिलीज नहीं होने देगी, कुछ 'सड़े आम' सामने आ ही जाते हैं। खोपकर ने कहा, “मनसैनिकों (मनसे कार्यकर्ताओं) को उन्हें कूड़ेदान में डालने का काम करना होगा और हम ऐसा करना जारी रखेंगे। हम महाराष्ट्र में अबीर गुलाल को रिलीज नहीं होने देंगे। जो लोग पाकिस्तानी कलाकारों को खुश करना चाहते हैं, वे ऐसा कर सकते हैं, लेकिन उन्हें हमसे निपटना होगा ।”

बता दें कि फिल्म अबीर गुलाल 9 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म का निर्देशन आरती एस. बगड़ी ने किया है । फवाद खान ने साल 2016 में कपूर एंड संस से बॉलीवुड डेब्यू किया था । इसके बाद इसी साल उन्हें धर्मा प्रोडक्शन में बनी फिल्म ए दिल है मुश्किल में भी देखा गया था। करीब आठ साल बाद फवाद भारतीय फिल्म में वापसी कर रहे हैं ।