बॉक्स ऑफिस पर कुल 543.05 करोड़ रू का कलेक्शन करने वाली शाहरुख खान की कमबैक फ़िल्म पठान का सीक्वल बनाया जा रहा है । पठान 2 में एक बार फिर शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण लीड रोल में नजर आने वाले हैं । और अब सुनने में आ रहा है कि, आदित्य चोपड़ा ने पठान 2 की स्क्रिप्ट भी लॉक कर ली है । इतना ही नहीं , कहा जा रहा है कि मेकर्स 2026 की पहली तिमाही में पठान 2 की शूटिंग शुरू करने की प्लानिंग कर रहे हैं । लेकिन इस बार सिद्धार्थ आनंद सीक्वल को डायरेक्ट नहीं करेंगे ।

शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण 2026 में शुरू करेंगे पठान 2 की शूटिंग ; सिद्धार्थ आनंद की जगह किसी नए डायरेक्टर की तलाश शरू

शाहरुख खान शुरू करेंगे पठान 2 की शूटिंग

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आदित्य चोपड़ा ने कथित तौर पर पठान 2 की स्क्रिप्ट को लॉक कर दिया है, जिसका निर्माण 2026 की शुरुआत में शुरू करने की योजना है । पीपिंग मून की खबर के अनुसार, “आदित्य 2023 के मध्य से पठान 2 की स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं । सीक्वल को न केवल पठान की कहानी को आगे बढ़ाने के लिए डिज़ाइन किया गया है, बल्कि वाईआरएफ के स्पाई यूनिवर्स की आगामी फ़िल्मों में बड़े संघर्षों की नींव रखने के लिए भी बनाया गया है । व्यापक योजना और जटिल कहानी कहने के कारण ही स्क्रिप्टिंग प्रक्रिया में इतना समय लगा ।”

“आदित्य ने श्रीधर राघवन और अब्बास टायरवाला के साथ मिलकर एक रोमांचक, हाई-ऑक्टेनवाली स्क्रिप्ट तैयार की है, जो पैमाने और तीव्रता दोनों में पहली किस्त को पार करने का वादा करती है। आदित्य ने स्क्रिप्ट पर शाहरुख से सलाह ली और वह सीक्वल के निर्देशन को लेकर पूरी तरह प्रभावित और उत्साहित थे ।”

पठान 2 के लिए निर्देशक की तलाश अभी भी जारी है, क्योंकि सिद्धार्थ आनंद सीक्वल को डायरेक्ट नहीं कर पाएंगे डेट्स इश्यू के चलते । इसलिए अब आदित्य चोपड़ा शाहरुख खान के अगले जासूसी मिशन को निर्देशित करने के लिए एक नए विजन की तलाश कर रहे हैं।

फिल्म की तैयारी 2025 के आखिर में शुरू होगी, शाहरुख खान सिद्धार्थ आनंद द्वारा निर्देशित सुहाना खान के साथ अपनी आगामी फिल्म किंग की शूटिंग पूरी करने के बाद शूटिंग शुरू करेंगे। किंग को 2026 में रिलीज करने का लक्ष्य है।

पठान 2 वाईआरएफ की स्पाई यूनिवर्स की आठवीं फिल्म होगी ।