4 साल के लंबे ब्रेक के बाद जो शाहरुख खान ने पठान से अपना कमबैक किया है वो एक के बाद एक बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच रहा है । जहां पठान बॉक्स ऑफिस पर हिंदी सिनेमा की ऑलटाइम ब्लॉकबस्टर फ़िल्म बनकर उभरी वहीं हाल ही में रिलीज़ हुई जवान भी बॉक्स ऑफिस पर पठान के ही रिकॉर्ड्स को ब्रेक करती हुई नज़र आ रही है । हाल ही जवान की सक्सेस प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान शाहरुख खान ने अपनी दोनों फ़िल्मों पठान और जवान को मिली अपार सफलता पर ख़ुशी जताते हुए इस साल रिलीज होने वाली अपनी तीसरी फ़िल्म डंकी की रिलीज डेट भी कन्फर्म कर दी है ।

शाहरुख खान ने कन्फर्म की डंकी की रिलीज डेट
जवान की सक्सेस प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान शाहरुख ने अपनी अगली फ़िल्म डंकी की रिलीज डेट अनाउंस करते हुए कहा, “भगवान हमारे ऊपर बहुत दयालु रहे हैं । गणतंत्र दिवस, यह एक अच्छा शुभ दिन है ऐसे में 26 जनवरी से हमने शुरुआत की पठान रिलीज़ करके । फिर जन्माष्टमी, कृष्णा जी के जन्मदिन पर हमने जवान रिलीज की । और अब नया साल आने वाला है, तब क्रिसमस पर हम डंकी लेकर आएंगे । मैं राष्ट्रीय एकता में विश्वास रखता हूँ । वैसे भी जब मेरी फिल्म रिलीज होती है उस दिन ईद तो होती ही है ।”
डंकी की बात करें तो, राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी डंकी एक इमोशनल ड्रामा है जिसमें अप्रत्याशित ट्विस्ट एंड टर्न और ह्यूमन स्प्रिट है । दीवाली के दौरान लोगों को डंकी की एक झलक देखने को मिलेगी । राजकुमार हिरानी और शाहरुख ने इस पर काम शुरू कर दिया है । डंकी में शाहरुख के साथ तापसी पन्नू लीड रोल में नज़र आने वाली हैं ।
















