यशराज फिल्म्स (YRF) की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक वॉर 2 बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुई । कमजोर कंटेंट की वजह से फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से नकारात्मक प्रतिक्रिया मिली, वहीं थिएटर में भी यह पूरी तरह फ्लॉप साबित हुई । वॉर 2 की नाकामी ने यशराज स्पाई यूनिवर्स को भी लड़खड़ा दिया है जिसके चलते इसकी आगामी स्पाई फ़िल्म शुरू होने से पहले ही ठंडे बस्ते में चली गई है । बहुत बड़े बजट में बनी वॉर 2 की नाकामी से यशराज स्टूडियो को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है जिसके चलते अब आदित्य चोपड़ा ने जूनियर एनटीआर की स्टैंडअलोन स्पाई फिल्म को पूरी तरह से बंद करने का फ़ैसला किया है ।

जूनियर एनटीआर की स्पाई फ़िल्म ठंडे बस्ते में गई
सबसे बड़ा झटका तब लगा जब स्टूडियो के प्रमुख आदित्य चोपड़ा ने जूनियर एनटीआर उर्फ एजेंट विक्रम पर आधारित स्टैंडअलोन फिल्म को पूरी तरह बंद करने का फैसला ले लिया। स्टूडियो से जुड़े एक सूत्र ने बॉलीवुड हंगामा को बताया, “YRF का प्लान था कि पैन इंडिया स्टार जूनियर एनटीआर की लोकप्रियता का फायदा उठाते हुए उनके किरदार एजेंट विक्रम पर एक अलग फिल्म बनाई जाए। क्रिएटिव टीम इस पर काम भी शुरू कर चुकी थी, लेकिन वॉर 2 की नाकामी ने इस पूरे प्रोजेक्ट पर पानी फेर दिया ।”
सूत्र के अनुसार, आदित्य चोपड़ा अब इस स्पिन-ऑफ को आगे नहीं बढ़ाना चाहते। उन्होंने यह बात साफ तौर पर जूनियर एनटीआर को भी बता दी है। खास बात यह रही कि जूनियर एनटीआर ने भी आदित्य के फैसले से सहमति जताई और बैनर से अच्छे माहौल में अलग हो गए। अब वह YRF के स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा नहीं होंगे। दरअसल, वॉर 2 साइन करने की शर्त ही यह थी कि आगे चलकर एजेंट विक्रम की एक सोलो फिल्म बनेगी, लेकिन अब वह मुमकिन नहीं है।
अब YRF स्पाई यूनिवर्स का अगला अध्याय अल्फ़ा होगा, जिसमें आलिया भट्ट और शरवरी लीड रोल में नजर आएंगी। यह फिल्म क्रिसमस 2025 पर रिलीज़ करने की योजना है।
















