बॉलीवुड हंगामा ने बताया था कि करण जौहर का प्रतिष्ठित प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शंस और साउथ का दिग्गज प्रोडक्शन हाउस लाइका प्रोडक्शंस मिलकर बड़े बजट की फ़िल्मों का निर्माण करेंगे । धर्मा और लाइका की साझेदारी शुरूआत में 5 फ़िल्मों के लिए होने वाली थी लेकिन फ़िर बात नहीं बनी और ये साझेदारी शुरू होने से पहले ही खत्म हो गई । और अब करण जौहर ने अपने लिए दूसरा पार्टनर तलाश लिया है । और ये पार्टनर हैं वायकॉम 18 जिसके साथ धर्मा प्रोडक्शंस ने साझेदारी करने का फैसला किया है । हमारे विश्वसनीय सूत्रों की मानें तो, वायकॉम ने धर्मा प्रोडक्शंस की पूरी आगामी फ़िल्मों की सूची प्राप्त कर ली है ।

करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस का वायकॉम 18 के साथ साझेदारी
धर्मा और वायकॉम की साझेदारी के बारें में बात करते हुए करीबी सूत्र ने हमें बताया, “यह आज के समय की सबसे बड़ी डील कही जा सकती है, क्योंकि वायकॉम 18 ने धर्मा प्रोडक्शंस की फिल्मों की पूरी स्लेट के वितरण अधिकार हासिल कर लिए हैं ।” जब सूत्र से इस डील के बारें में और ज्यादा जानना चाहा तो उसने बताया कि, “धर्मा और लाइका प्रोडक्शंस के बीच साझेदारी नहीं हो पाने के बाद वायकॉम 18 के साथ धर्मा ने डील की । असल में करण को अपने लिए किसी बड़े प्रोडक्शन हाउस की तलाश थी और वायकॉम 18 सभी कसौटी पर खरा उतरा इसलिए यह डील क्रेक हो पाई ।”
दिलचस्प बात यह है कि इससे पहले धर्मा प्रोडक्शंस ने फॉक्स स्टार स्टूडियोज के साथ साझेदारी की थी लेकिन फॉक्स स्टार स्टूडियोज का डिज्नी के साथ विलय के बाद, करण की पार्टरनशिप खत्म हो गई और इस तरह से ब्रह्मास्त्र उनकी साथ में आखिरी फिल्म थी । फॉक्स स्टार स्टूडियोज के साथ पार्टनशिप खत्म होने के बाद करण की लाइका के साथ डील भी नहीं हो पाई ।
















