कुछ दिन पहले सुधीर मिश्रा और अनुभव सिन्हा ने नवाजुद्दीन सिद्दीकी और भूमि पेडनेकर के साथ फ़िल्म अनाउंस की जिसका नाम है अफ़वाह । इस फ़िल्म को सुधीर मिश्रा, भूषण कुमार और अनुभव सिन्हा की बनारस मीडियावर्क्स द्वारा निर्मित किया जाएगा । अफ़वाह, जो अफवाह फैलाने और गलत सूचना देने के विषय पर आधारित है, अपनी कहानी के अलावा अनूठी स्टार कास्ट के लिए भी चर्चा में बनी हुई है । और अब इसमें एक और अभिनेत्री का नाम शामिल हो गया है और वो हैं तापसी पन्नू ।

नवाजुद्दीन सिद्दीकी और भूमि पेडनेकर की अफ़वाह में तापसी पन्नू
तापसी पन्नू के अफ़वाह के साथ जुड़ने पर फ़िल्म इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों ने बॉलीवुड हंगामा को बताया कि, “हां, तापसी को अफ़वाह के लिए कास्ट किया गया है । वह भूमि पेडनेकर और नवाजुद्दीन के साथ लीड रोल निभाएंगी । इसके अलावा फ़िल्म की स्टार कास्ट में एक और नाम शामिल होगा जिसका अनाउंसमेंट आने वाले दिनों में किया जाएगा ।”
जब इस फ़िल्म के बारें में सूत्र से और पूछा गया तो उन्होंने बताया कि, “इस फ़िल्म में तीन फ़ीमेल लीड एक्ट्रेस नजर आएंगी उनमें से एक हैं भूमि और दूसरी हैं तापसी । और तीसरी अभिनेत्री के नाम पर अभी विचार किया जा रहा है , जहां तक अफ़वाह की बात है तो यह एक तरह का एंथोलॉजी होगी ।”
इतना ही नहीं हमने तो यह भी सुना है कि इस फ़िल्म में 4 एक्ट्रेस नजर आएंगी । जहां दो एक्ट्रेस फ़ाइनल हो चुकी है और अभी दो एक्ट्रेस फ़ाइनल होना बाकी है । इस पर सूत्र ने कहा कि, “अफ़वाह में नवाजुद्दीन मेल लीड का रोल निभाएंगे । इसके अलावा मेकर्स भूमि और तापसी के अलावा अन्य दो अभिनेत्रियों के नाम का अनाउंसमेंट भी जल्द ही कर देंगे ।”
यह पहली बार है जब भूमि पेडनेकर और नवाजुद्दीन सिद्दीकी किसी प्रोजेक्ट के लिए साथ में आए हैं । भूमि ने इस प्रोजेक्ट पर बात करते हुए कहा कि, “नवाजुद्दीन सिद्दीकी देश के सर्वश्रेष्ठ अभिनेताओं में से एक हैं । जब आप इतने कुशल अभिनेता के साथ काम कर रहे होते हैं, तो आप अपने प्रयास को दोगुना करना चाहते हैं । सुधीर सर हमेशा मेरी बकेट लिस्ट में रहे हैं । यह और भी खास है क्योंकि मैं 'भीड़' के बाद फिर से अनुभव सिन्हा और भूषण कुमार के साथ काम कर रही हूं। मैं इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनकर बेहद रोमांचित हूं ।”
भूमि पेडनेकर और नवाजुद्दीन की फिल्म अफवाह की इस महीने ही वर्कशॉप शुरू होगी और जल्द ही ये फिल्म फ्लोर पर आ जाएगी । इस फिल्म की शूटिंग राजस्थान में होगी । यह एक थ्रिलर फिल्म है जो दर्शकों को एक रोलर कोस्टर राइड पर ले जाएगी ।
















