गदर 2 की ब्लॉकबस्टर सक्सेस के बाद सनी देओल बॉलीवुड के सबसे ट्रस्टेड एक्टर में से एक बन गए हैं बॉक्स ऑफिस के लिहाज से । लेकिन इतनी सक्सेस के बाद भी वह उतनी फ़ीस चार्ज नहीं करते जितनी उन्हें करनी चाहिए या जिसके वो हकदार हैं । रिपोर्ट्स के मुताबिक़, गदर 2 ने बॉक्स ऑफिस पर 525.45 करोड़ रू की कुल कमाई की लेकिन सनी देओल ने फीस के रूप में सिर्फ़ 8 करोड़ रुपये लिए । इसलिए अपनी मार्केट वैल्यू को समझते हुए अब सनी देओल ने अपनी फीस में जबरदस्त इजाफा किया है जिसे फ़िल्म इंडस्ट्री की अब तक की सबसे बढ़ी वेतन वृद्धि मानी जा रही है ।

सनी देओल ने बढ़ाई अपनी फीस।
हमें पता चला है कि हालिया रिलीज जाट के लिए सनी देओल ने 50 करोड़ रुपये की फ़ीस ली है । इस भारी भरकम वेतन वृद्धि की पुष्टि करते हुए, एक जानकार सूत्र ने तर्क दिया, “सनी कई सालों से कम फीस ले रहे हैं । अब, गदर 2 के बाद, उन्होंने अपनी फ़ीस बढ़ा ली है, जिसके वे हकदार हैं।” लेकिन क्या पहले दी गई कीमत से छह गुना की वृद्धि थोड़ी ज़्यादा नहीं है ? इस पर सूत्र ने कहा, “जब तक स्टार अच्छा प्रदर्शन करता है, तब तक बॉक्स ऑफ़िस पर सब कुछ जायज़ है।”
गोपीचंद मालिनेनी द्वारा निर्देशित, जाट में सनी देओल के अलावा रणदीप हुडा, विनीत कुमार सिंह, रेगेना कैसेंड्रा, राम्या कृष्णन, सैयामी खेर भी शामिल हैं। यह फ़िल्म आज रिलीज़ हो चुकी है और इसे फ़िल्म क्रिटिक्स से अच्छा रिस्पांस मिल रहा है ।
















